नई दिल्ली

दिल्ली को दहलाने की साजिश रचने के आरोप में चार गिरफ्तार।

नई दिल्ली : दिल्ली को दहलाने की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किए गए चारों आतंकी लंबे समय से पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान से ड्रोन के जरिये जिगाना पिस्टल समेत कई देशों के विदेशी हथियार और ड्रग्स की खेप मंगवाकर उसे पंजाब आदि राज्यों में गैंग्सटरों व ड्रग्स तस्करों को बेचने का धंधा कर रहे थे।

इंटरनेट मीडिया के जरिये पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई और पाकिस्तानी गैंग्सटर शहजाद भट्टी के संपर्क में आने के बाद चारों देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्त हो गए थे। केंद्रीय एजेंसियों द्वारा इंटरनेट मीडिया की मानिटरिंग में इनकी गतिविधियों के बारे में पता चलने के बाद आईबी की सूचना पर स्पेशल सेल ने इन्हें दबोच लिया।

स्पेशल सेल के डीसीपी प्रवीण कुमार त्रिपाठी का कहना है कि गिरफ्तार आतंकियों में शुभदीप सिंह, पाकिस्तानी सीमा से महज तीन किलो मीटर दूर तरनतारन का रहने वाला है। वह ड्रोन के ज़रिये विदेशी पिस्टल और हेरोइन आदि ड्रग्स की खेप मंगवाता था। पाकिस्तान में मौजूद आईएसआई हैंडलर्स और ड्रोन ऑपरेटरों से बातचीत के लिए वह पाकिस्तान के कई नंबर का इस्तेमाल कर रहा था।

उसे पंजाब पुलिस भी ड्रग्स तस्करी के मामले में पहले गिरफ्तार कर चुकी है। गुरजंट सिंह भी सीमा से सटे तरनतारन का रहने वाला है। वह भी विदेशी नंबरों के ज़रिये आईएसआई हैंडलर्स के संपर्क में था। अपने चचेरे भाई साजन सिंह के साथ मिलकर वह ड्रोन के ज़रिए पाकिस्तान से हथियार और ड्रग्स की खेप मंगवाता था।

साजन सिंह, अमृतसर का रहने वाला है। वह भी आईएसआई हैंडलर्स से बातचीत करने के लिए विदेशी नंबरों का इस्तेमाल कर रहा था। उसे भी पहले पंजाब पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया था। गगनप्रीत, फतेहगढ़ साहिब का रहने वाला है। वह इंटरनेट मीडिया के ज़रिए पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में था।

हैंडलर्स ने उसे दिल्ली में थानोें और पुलिस पिकेट के वीडियो बनाने और उन पर गोलीबारी करने का काम सौंपा था। चारों, अपने हैंडलर्स के निर्देश पर दिल्ली में आतंकी वारदात की योजना बना ही रहे थे इससे पहले सेल ने प्लानिंग के स्टेज पर ही दबोच लिया। चारों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने इनसे जुड़े अन्य आतंकियों के बारे में पता लगाने की कोशिश कर रही है ताकि उन्हें भी जल्द दबोचा जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button