कोचिंग सेंटरों को CM रेखा गुप्ता का अल्टीमेटम।
'एक महीने के अंदर पूरे करें सुरक्षा मानक, वरना होगी सख्त कार्रवाई।

नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राष्ट्रीय राजधानी के सभी कोचिंग संस्थानों को सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए एक महीने का समय दिया है. उन्होंने कहा कि जिन कोचिंग सेंटरों के पास फायर ऑडिट, आवश्यक सुरक्षा उपकरण और भवन संबंधी सुरक्षा व्यवस्थाएं नहीं होंगी, उन्हें सील किया जाएगा।
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि हाई कोर्ट की समिति की सिफारिशों के आधार पर कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कानून लाया जाएगा. साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की है कि यदि उनका कोचिंग संस्थान असुरक्षित है, तो वे इसकी सूचना सरकार को तुरंत संदेश, ईमेल या फोन के माध्यम से दें।
लखनऊ की घटना के बाद सख्त कार्रवाई के मूड में दिल्ली सरकार बता दें कि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज में हाल ही में आग लगने के कारण कई लोगों की मौत हो गई. इमारत में चल रहे कोचिंग सेंटर के कई स्टूडेंट्स भी इस हादसे की चपेट में आए गए. 15 स्टूडेंट्स की मौत हो गई तो काफी लोग घायल भी हुए. इसके बाद कोचिंग सेंटरों में फायर सेफ्टी नियमों के पालन को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए है।
इस हादसे ने 15 जून 2023 को दिल्ली के मुखर्जी नगर के भंडारी हाउस स्थित एक कोचिंग सेंटर में लगी आग की घटना को भी ताजा कर दिया है. घटना के वक्त चार मंजिला इमारत में चल रहे संस्कृति आईएएस के कोचिंग सेंटर में 200 से ज्यादा छात्र मौजूद थे. कई छात्रों को रस्सियों के सहारे बाहर निकालना पड़ा था. हालांकि, उस हादसे में किसी की मौत तो नहीं हुई थी, लेकिन जान बचाने की कोशिश में कुछ छात्र जख्मी हो गए थे और कुछ धुएं की वजह से बीमार पड़ गए थे. अब एक बार फिर लखनऊ के कोचिंग सेंटर में आग की घटना के बाद एमसीडी द्वारा दिल्ली के कोचिंग सेंटरों की फिर से जांच शुरू की जाएगी।
