कर्मभूमि एक्सप्रेस के 04 डिब्बों में लगी भीषण आग।
1500 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया।

पंजाब : राजपुरा के पास सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के नजदीक शुक्रवार दोपहर अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस (12508) के चार डिब्बों में अचानक भीषण आग लग गई। घटना दोपहर करीब 1:10 बजे बसंतपुरा गांव के पास हुई।
जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले इंजन की ओर से पांचवें जनरल कोच में दिखाई दी और देखते ही देखते तीन अन्य डिब्बों तक फैल गई। आग और धुएं को देखकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
लोको पायलट और सुरक्षा प्रणाली से अलर्ट मिलने के बाद ट्रेन को तत्काल रोक दिया गया। रेलवे कर्मचारियों ने प्रभावित डिब्बों को शेष ट्रेन से अलग कर दिया। सूचना मिलते ही रेलवे और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया।
इस हादसे में राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। ट्रेन में सवार 1500 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्रारंभिक जानकारी में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या पंखे में तकनीकी खराबी बताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
घटना के बाद अंबाला मंडल से मेडिकल राहत ट्रेन भेजी गई, जबकि रेल यातायात प्रभावित होने के चलते आठ ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है। रेलवे ने हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
चलती ट्रेन में आग की इस घटना ने एक बार फिर रेल यात्रियों की सुरक्षा और कोचों में अग्निशमन व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।



