हनीमून पर पत्नी को होटल की सीढ़ियों से धक्का देने का आरोप, पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज।

नोएडा : हनीमून के दौरान पत्नी की जान लेने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नोएडा की एक नवविवाहिता ने अपने पति पर दार्जिलिंग के एक होटल में सीढ़ियों से धक्का देकर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर सेक्टर-113 थाना पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी पिछले माह हरविंदर चौहान के साथ हुई थी। विवाह के बाद दोनों हनीमून मनाने के लिए सिक्किम और दार्जिलिंग गए थे। महिला का आरोप है कि शादी के अगले ही दिन से पति उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगा था।
महिला के अनुसार, दार्जिलिंग के एक होटल में उसका पति उसे सीढ़ियों के पास ले गया और अचानक धक्का दे दिया, जिससे वह नीचे गिर गई। हादसे में उसके दोनों घुटनों के अलावा सिर और पेट में भी गंभीर चोटें आईं। पीड़िता का आरोप है कि यह घटना जानबूझकर की गई थी।
महिला ने आगे बताया कि नोएडा लौटने के बाद जब उसने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो आरोपी पति ने उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया और उसके साथ दोबारा मारपीट की। आरोप है कि उसके पेट में लात मारी गई, थप्पड़ और घूंसे मारे गए तथा पुलिस के पास जाने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़िता के अनुसार, अगले दिन आरोपी उसे छोड़कर अपने घर चला गया। इसके बाद उसने मेडिकल परीक्षण कराया और सेक्टर-113 थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मारपीट, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

