खाई में गिरी पिकअप, मां-बेटे समेत 06 लोगों की मौत।

शिमला : रामपुर क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. यहां एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरा. हादसा इतना भयानक था कि वाहन में सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में एक महिला और उसका 12 साल का बेटा भी शामिल है. घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार यह हादसा रामपुर की तकलेच पुलिस चौकी के अंतर्गत उरमण क्षेत्र में हुआ. बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन (HP-06B-2420) रामपुर से काशापाट की तरफ जा रहा था. शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे ढंढोल के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद पिकअप सड़क से नीचे करीब 250 मीटर तक जा गिरी. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची. राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन तब तक वाहन में बैठे सभी लोगों की मौत हो चुकी थी।
अभिषेक सनी (23), तहसील रामपुर, जिला शिमला.
लायक राम (56), तहसील रामपुर, जिला शिमला.
अशोक जेन (32), तहसील रामपुर, जिला शिमला. (पिकअप चालक)
नीतीन (23), तहसील रामपुर, जिला शिमला.
आशा कुमारी (40), तहसील आनी, जिला कुल्लू.
युगल (12), पुत्र आशा कुमारी, तहसील आनी, जिला कुल्लू.
हादसे के दौरान फेसबुक पर लाइव थी महिला
इस दर्दनाक घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है. बताया जा रहा है कि हादसे के समय पिकअप में बैठी महिला फेसबुक पर लाइव थी और वह रास्ते में अपने ननिहाल को दिखा रही थी. इसी दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित हुआ और खाई में गिर गया. घटना का वीडियो झकझोर देने वाला है।
हादसे के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी शवों को तकलेच अस्पताल लाया गया है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है. वहीं, एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके के लिए रवाना हुई. उन्होंने कहा कि मृतकों के परिवारों को नियमों के अनुसार फौरी राहत राशि उपलब्ध करवाई जाएगी।


