राजनीतिहिमांचल

अनुराग शर्मा हिमाचल से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित।

संसद में हिमाचल कांग्रेस के अकेले सिपाही होंगे अनुराग शर्मा।

शिमला : हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा के लिए कांग्रेस नेता अनुराग शर्मा का निर्विरोध चयन हो गया है. विधानसभा सचिवालय की ओर से आधिकारिक तौर पर ‘सर्टिफिकेट ऑफ इलेक्शन’ सौंप दिया गया है. राज्यसभा चुनाव के लिए विधानसभा सचिवालय को केवल एक ही नामांकन प्राप्त हुआ था।

आज (सोमवार, 9 मार्च को) नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख थी. किसी अन्य उम्मीदवार के न होने के चलते अनुराग शर्मा का निर्वाचन निर्विरोध घोषित कर दिया गया. मौजूदा राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी का कार्यकाल 9 अप्रैल को समाप्त हो रहा है. उनके कार्यकाल के खत्म होने के बाद अनुराग शर्मा राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे।

अनुराग शर्मा फिलहाल कांगड़ा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भी हैं और पार्टी संगठन में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद अनुराग शर्मा ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से मुलाकात की।

इस दौरान संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान, युवा खेल मंत्री यादवेंद्र गोमा भी राज्यसभा के नए कांग्रेस सांसद के साथ नजर आए. इसके अलावा कांग्रेस विधायक कुलदीप राठौर और किशोरी लाल भी अनुराग शर्मा के साथ नजर आए।

सर्टिफिकेट ऑफ इलेक्शन मिलने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए अनुराग शर्मा ने अपने ईष्ट भगवान भोलेनाथ का आभार व्यक्त किया. इसके साथ ही उन्होंने उन पर विश्वास जताने के लिए आलाकमान का धन्यवाद किया. अनुराग शर्मा ने आईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रदेश पार्टी के नेताओं का आभार व्यक्त किय।

अनुराग शर्मा ने दोहराया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू उनके आदर्श हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश पार्टी कार्यालय में उनके लिए स्वागत कार्यक्रम किया जाना और मुख्यमंत्री उपमुख्यमंत्री और पार्टी नेताओं का मौजूद होना उनके साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए भी गर्व की बात है।

संसद में हिमाचल प्रदेश की कुल 7 सीटें हैं. इसमें चार लोकसभा और तीन राज्यसभा की सीटें है. फिलहाल सभी 7 सीटों पर भाजपा का कब्जा है. अनुराग शर्मा के चयन के बाद वो संसद में हिमाचल कांग्रेस की इकलौती आवाज होंगे।

अनुराग शर्मा के सामने संसद में केंद्रीय मदद और केंद्र से राज्य का हक लेने की चुनौती होगी. मौजूदा वक्त में हिमाचल प्रदेश से लोकसभा में शिमला से सुरेश कश्यप, मंडी से कंगना रणौत, कांगड़ा से राजीव भारद्वाज और हमीरपुर से अनुराग ठाकुर सांसद हैं. इसके अलावा राज्य सभा में सिकंदर कुमार और हर्ष महाजन भाजपा के सांसद हैं. वहीं, इंदु गोस्वामी की जगह अनुराग शर्मा लेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button