उत्तर प्रदेश

भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत।

हरियाणा से हरिद्वार जा रहे चार लोगों की मौत।

सहारनपुर : थाना रामपुर मनिहारान देहरादून–पंचकूला हाईवे पर शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने एक ही परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया. हादसे में दो कारों की टक्कर हो गई. जोरदार टक्कर से कार में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में एक ही परिवार की दो महिलाओं, एक मासूम बच्चे और एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि तीन घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के जिला सोनीपत के बहादुरगढ़ निवासी चरण सिंह अपने परिवार के साथ कार से हरिद्वार जा रहे थे. सहारनपुर के थाना रामपुर मनिहारान इलाके के गांव हलगोया के पास शुक्रवार को एक कार से उनकी कार की टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार हाईवे पर पलटें खाती हुई दूर चली गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. कार में बैठे सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई. राहगीरों और आसपास के लोगों ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. किसी ने एंबुलेंस को सूचना दी तो किसी ने घायलों को कार से बाहर निकालने में मदद की. कुछ ही देर में पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई. सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने चरण सिंह की पत्नी सुदेश, पुत्रवधू प्रीति, पोते शिवांश और एक बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया।

दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत की खबर सुनते ही अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया. हादसे में घायल प्रवीण, सहदेव और एक अन्य व्यक्ति का अस्पताल में इलाज चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें लगातार चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है. घटना की सूचना मिलते ही थाना रामपुर मनिहारान पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर हाईवे पर यातायात सामान्य कराया. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

एसपी सिटी व्योम बिंदल का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. टक्कर मारने वाले वाहन चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रारंभिक जांच के अनुसार हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना मानी जा रही है. हालांकि पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है. यदि चालक की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बरेली में सड़क हादसे मे एक युवक की मौत : भमोरा के बरेली-बदायूं हाईवे पर पुठी मोड़ के पास शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार कैंटर (डीसीएम) ने एक के बाद एक दो बाइकों और आइसक्रीम ठेला चला रहे किशोर को टक्कर मार दी. हादसे में गल्ला व्यापारी की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्चे समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार सिंह ने बताया कि हादसे के बाद कैंटर सड़क किनारे पलट गया था और चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है. मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है. मृतक की पहचान खुली गांव निवासी नारद मुनि मौर्य (46) के रूप में हुई है. कैंटर ने युसुफपुर निवासी इंतजार खां (45) की बाइक को भी टक्कर मार दी. हादसे के समय वह अपने बेटे विलाल (10) के साथ बदायूं के कबूलपुरा जा रहे थे. दुर्घटना में पिता-पुत्र दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button