
बेंगलुरु : कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी के विधायक चंद्रू लमानी को लोकायुक्त पुलिस ने अपने पर्सनल स्टाफ के जरिये एक कॉन्ट्रैक्टर से 5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है. लमानी गडग जिले के शिरहट्टी विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक हैं. उनको लक्ष्मेश्वर शहर में उनके ही एक अस्पताल में पकड़ा गया।
कॉन्ट्रैक्टर विजय पुजार की शिकायत के बाद लोकायुक्त पुलिस ने शनिवार को यह ऑपरेशन किया. उस समय विधायक के निजी सहायक गुरु और मंजूनाथ को भी कथित तौर पर नकदी स्वीकार करने के आरोप में हिरासत में लिया गया था. तीनों आरोपियों से अभी गडग में लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक (SP) पूछताछ कर रहे है।
लोकायुक्त अधिकारियों के अनुसार, पहली बार विधायक बने लमानी, जो एक मेडिकल प्रोफेशनल हैं, ने कथित तौर पर एक रोड-कम-ब्रिज प्रोजेक्ट के लिए रिटेंशन वॉल बनाने के लिए 1 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट दिलाने के लिए पुजार से 11 लाख रुपये कमीशन मांगा था।
इस बीच, कॉन्ट्रैक्टर लोकायुक्त पुलिस के पास चला गया और शिकायत दर्ज कराई. शिकायत पर कार्रवाई करते हुए, लोकायुक्त अधिकारियों ने जाल बिछाया. प्लान के मुताबिक, विजय पुजार कमीशन देने के लिए तैयार हो गया, और 5 लाख रुपये की पहली किस्त विधायक के पर्सनल असिस्टेंट को अस्पताल में दे दी गई, जहां लोकायुक्त टीम ने छापा मारा।
लमानी कर्नाटक के दूसरे भाजपा विधायक हैं जिन्हें लोकायुक्त पुलिस ने कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है. 2009 में, कोलार गोल्ड फील्ड्स (KGF) के वर्तमान विधायक, एन संपांगी को एक जमीन विवाद से जुड़े पुलिस केस को बंद करने के लिए एक बिजनेसमैन से 5 लाख रुपये लेते हुए गिरफ्तार किया गया था. संपांगी को बेंगलुरु में विधानमंडल भवन से गिरफ्तार किया गया था।



