
देहरादून। शहीद मेजर दुर्गा मल्ल मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा आयोजित ‘गोरखा हिमालयन फेस्टिवल’ के दूसरे दिन शनिवार को गढ़ी कैंट स्थित महेन्द्रा ग्राउंड में कला, कौशल और संस्कृति का संगम देखने को मिला। सुबह के सत्र में जहां युवाओं और महिलाओं ने स्वरोजगार के गुर सीखे, वहीं शाम ढलते ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच पद्मश्री जागर गायिका बसंती बिष्ट का सम्मान किया गया।
इस दौरान बतौर मुख्य अतिथि दार्जलिंग के सांसद राजू बिष्टा ने कहा कि यदि हम अपनी संस्कृति, अपने इतिहास को प्राथमिकता देते हैं तो ही हमारा समाज समृद्ध बनेगा और हमारा युवा अपनी जड़ों से जुड़ सकेगा। उन्होंने कहा कि गोरखा जाति विदेशी नहीं हिंदुस्तानी है। इस दौरान उन्होंने गोरखा हिमालयन फेस्टिवल के लिए पांच लाख की धनराशि देने की घोषणा की।
शनिवार को सुबह के कार्यक्रमों की शुरुआत मधुमक्खी पालन और फल संरक्षण कार्यशाला से कि गई। इस मौके पर सहायक मधु विकास निरीक्षक उद्यान विभाग बलबीर सिंह ने अपने सम्बोधन में ग्रामीण स्वरोजगार और आर्थिक उन्नति के लिए मधुमक्खी पालन को अपनाने के तरीके को बताया। स्वदेश समूह द्वारा गोबर से बने उत्पादों के बारे में जानकारी दी गयी।
शाम पांच बजे से सांस्कृतिक मंच पर सुरों और ताल का सफर शुरू हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में दार्जिलिंग लोकसभा सदस्य राजू बिष्टा के द्वारा शिरकत की गई। इस मौके पर उन्होंने हिमालयी संस्कृति के संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मेरे लिए इस फेस्टिवल में शामिल होना सौभाग्य की बात है। पहाड़ी क्षेत्र की सुरक्षा पर आधारित इस तरह के कार्यक्रम होते रहने चाहिए, जो हमारी संस्कृति और पहचान को दर्शाता है। उन्होंने स्टॉल्स का भी निरीक्षण किया। इस दौरान भाजपा की प्रदेश मंत्री नेहा जोश ने भी कार्यक्रम की सराहना की।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत’गोरखा रूट ग्रुप (रायपुर)’ द्वारा पर्यो घर और चैनेजो जिन्दगीमा” जैसे लोकप्रिय गीतों की शानदार प्रस्तुति से की गई। इसके साथ ही मीनू आले ग्रुप ने कहिले फुला बनी और वाटिका कला नृत्य समूह ने कुमाऊंनी गीत घुर घुराती घुघुती पर मनमोहक नृत्य पेश किया। विशाल और उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत ‘लाखे’ नृत्य और एक्ट ने दर्शकों को झकझोर दिया और विशेष आकर्षण अपनी ओर खींचा। इस मौके पर ‘इंडियन आइडल सीजन 3’ के विजेता प्रशांत तमंग को विशेष श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान असारे महिनामा गोर्खा पल्टन गीतों को गा कर दीप्ति राणा, देविन शाही और सतीश थापा ने श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं संस्कृति विभाग के कलाकारों ने पारंपरिक गढ़वाली छोलिया नृत्य से माहौल को और भी मनमोहक बना दिया.
मंच पर पद्मश्री बसंती देवी बिष्ट उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया, जिसके बाद उन्होंने अपने गीतों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
रात के मुख्य आकर्षण के रूप में असम से आई अध्यायश्री उपाध्याय (विजेता- सुपर डांसर चैप्टर-5, असम) ने खास प्रस्तुति दी। इस दौरान नन्ही कलाकार अध्यायश्री उपाध्याय ने अपनी ऊर्जावान नृत्य प्रस्तुति से सभी का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम का समापन दीप्ति राणा और सतीश थापा के ‘मेडले सॉन्ग्स’ और अध्यायश्री उपाध्याय की अंतिम प्रस्तुति के साथ हुआ। इससे पूर्व ट्रस्ट की अध्यक्ष कमला थापा ने सभी का स्वागत किया और सचिव प्रभा शाह ने दूसरे दिन के कार्यक्रमों की सफलता पर सभी प्रतिभागियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में भाजपा उपाध्यक्ष रेखा जोशी, विधायक खजान , शहीद दुर्गा मल्ल ट्रस्ट की अध्यक्ष कमला थापा, गोरखाली सुधार सभा के अध्यक्ष पदम सिंह थापा, प्रदीप सिंह पंवार, सुनैना शास्त्री , राजन बस्नेत, बीना गुरूंग , दीपक थापा, उपासना बिष्ट, मीनू क्षेत्री, गोदावरी थापली, प्रभा शाह, वंदना बिष्ट, वतन जोशी आदि उपस्थित थे।



