
देहरादून/पौड़ी। चुनावी सरगर्मियों के बीच Uttarakhand Swabhiman Morcha को बड़ा झटका लगा है। संगठन का चर्चित चेहरा माने जाने वाले दिनेश चंद्र मास्टर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
मास्टर ने संगठन के अध्यक्ष को संबोधित करते हुए फेसबुक पोस्ट के माध्यम से अपने त्यागपत्र की घोषणा की। उन्होंने लिखा कि वह उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा से स्वैच्छिक रूप से सेवानिवृत्ति लेना चाहते हैं।
अपने संदेश में उन्होंने कहा कि उनका जुड़ाव और लगाव हमेशा प्रदेश और प्रदेशवासियों के साथ रहा है और प्रदेशहित के मुद्दों पर वे संगठन और उसके नेतृत्व के साथ खड़े रहेंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे अब राजनीतिक और सामाजिक लड़ाइयों को स्वतंत्र रूप से निर्णय लेकर लड़ना चाहते हैं।
उन्होंने अनुरोध किया है कि 19 फरवरी 2026 से उन्हें उनके पद से पदमुक्त समझा जाए और उनकी जिम्मेदारियां किसी अन्य उपयुक्त साथी को सौंप दी जाएं।
मास्टर ने संगठन द्वारा मिले सम्मान, जिम्मेदारियों और सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे आजीवन इसके लिए कृतज्ञ रहेंगे।
चुनाव से ठीक पहले आए इस घटनाक्रम को राजनीतिक हलकों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि संगठन इस इस्तीफे के बाद क्या रणनीति अपनाता है।


