
हरिद्वार : पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ की कथित दूसरी पत्नी व हाल समय में अंकिता भण्डारी हत्याकांड में खुद के पास अहम सबूत होने का दावा करने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर को रानीपुर पुलिस द्वारा आज दोपहर सुरेश राठौड़ की पुत्री से 5 करोड़ की रंगदारी मांगने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार कल शनिवार की रात को पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ की पुत्री द्वारा कोतवाली रानीपुर में तहरीर दी कि उर्मिला सनावर द्वारा सोशल मीडिया में अश्लील व मानहानिकारक टिप्पणी कर उसकी लज्जा भंग कर सुरेश राठौड़ व उसके परिवार की छवि धूमिल किया जा रहा है। वादिनी ने आरोप लगाया कि उर्मिला द्वारा वादिनी को व्हाट्सएप कॉल कर रविदास धाम की सम्पत्ति अपने नाम करने व 05 करोड़ रुपये की माँग करने व जान से मारने की धमकी दी गयी। वादिनी की शिकायत पर पुलिस ने उर्मिला सनावर के विरुद्ध धारा 308(5)(7),79,356(3),356(2), बीएनएस तथा 4/10 स्त्री अशिष्ट रुपण अधिनियम 1986 के तहत मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस कप्तान हरिद्वार के आदेश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुये अभिनेत्री उर्मिला सनावर को आज रविवार को सहारनपुर उ0प्र0 स्थित उसके घर से हिरासत में लिया गया। पुलिस ने उर्मिला सनावर के कब्जे से घटना में प्रयुक्त किये गये मोबाइल फोन भी बरामद किया है। आरोपी उर्मिला सनावर के खिलाफ राजधानी देहरादून से लेकर हरिद्वार, सहारनपुर में कुल 9 मुकदमे दर्ज है।
उर्मिला सनावर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।



