दिल्ली में हुआ कैप्टन सुमित कपूर का अंतिम संस्कार।

नई दिल्ली : बारामती विमान हादसे में पायलट कैप्टन सुमित कपूर की मौत हुई. यह हादसा उस समय हुआ, जब विमान लैंडिंग का प्रयास कर रहा था. पायलट सुमित कपूर दिल्ली के राजौरी गार्डन एम ब्लॉक के रहने वाले थे. सुमित कपूर का बेटा भी पायलट है. पूरा परिवार राजौरी गार्डन के एम ब्लॉक में रहता है. कैप्टन सुमित कपूर का गुरुवार को पंजाबी बाग शमशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया।
अंतिम संस्कार के दौरान शोक संतप्त परिवार पंजाबी बाग में मौजूद रहे. एक पड़ोसी अरविन्द ने बताया, ”सुमित बहुत अच्छे आदमी थे. हमारे संगठन की मीटिंग होती थी उसमें भी आते थे. सबसे मिलना जुलना होता था. हम भी यहां 50 साल से रह रहे हैं और वह भी इतने साल से ही रह रहे थे. अच्छी दोस्ती थी. उन बेटा भी पायलट है. घर में भरा पूरा परिवार था. अभी 10-15 दिन पहले उनसे मुलाकात हुई थी. बाहर जब हम निकले थे तब उन्होंने बताया था सब ठीक-ठाक है. बहुत ही अच्छा व्यवहार था. यहां लोगों को टीवी के माध्यम से इस घटना के बारे में पता चला. सुमित का इस तरह से विमान हादसे में मारा जाना बहुत ही दुखद है. घटना के बाद हम लोग काफी आहत हुए।
Learjet 45 की कमान कैप्टन सुमित कपूर के हाथ में थी, जो इस फ्लाइट के पायलट इन कमांड थे. सीनियर पायलट होने के नाते, उन्होंने फ्लाइट क्रू को लीड किया और फ्लाइट के अहम चरणों, जैसे टेक-ऑफ और लैंडिंग के दौरान फैसले लिए.अधिकारियों ने पुष्टि की कि जब Learjet 45XR रनवे के पास क्रैश हुआ, उस समय वह अजित पवार और दूसरे यात्रियों के साथ विमान में सवार थे. सुमित कपूर के पास बिजनेस जेट उड़ाने का काफी अनुभव था. VSR एविएशन के साथ जुड़े सुमित कपूर पहले भी Learjet जैसे हाई-स्पीड, शॉर्ट-रनवे जेट्स उड़ा चुके थे।
गौरतलब है कि VSR एविएशन का एक Learjet 45 विमान 2023 में मुंबई एयरपोर्ट पर दुर्घटनाग्रस्त हो चुका है, जिसकी जांच AAIB ने की थी. उस हादसे में सभी यात्री बच गए थे, लेकिन मौजूदा हादसे ने कंपनी के सेफ्टी रिकॉर्ड पर फिर सवाल खड़े कर दिए है।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी नेता अजित पवार मुंबई से 250 किमी दूर अपने पैतृक शहर बारामती में एक ग्रामीण चुनावी रैली को संबोधित करने वाले थे. लेकिन बुधवार सुबह 8:45 बजे पुणे के बारामती एयरपोर्ट के पास प्लेन क्रैश हो गया. इस हासदे में अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई. रिपोर्ट के मुताबिक, विमान बारामती में दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश करते समय यह क्रैश हो गया. प्लेन क्रैश में मरने वालों में पायलट सुमित कपूर और शांभवी पाठक, और पवार के सिक्योरिटी स्टाफ विधित जाधव के साथ फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली शामिल है।
