
नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा के पहले सत्र के आखिरी दिन सोमवार को विधानसभा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जमकर गरजीं. उन्होंने कहा कि अभी कैग की दो रिपोर्ट आई हैं. इनके काले चिट्ठे खुल रहे हैं. कुल 12 रिपोर्ट आनी हैं. कोविड के समय बजट कम इस्तेमाल हुआ. उन दिनों में परिवारजनों पर क्या गुजर रही थी।
जब आज विधानसभा में अशोक गोयल कोविड के समय के हालत का जिक्र कर रहे थे तब आप विधायक हंस रहे थे. आप-दा सरकार के 10 साल में भ्रष्टाचार हुआ. अब अधिकारियों से बात हुई तो पता चला कि मरीजों को नकली दवा मिली और पेमेंट असली दवाइयों का किया गया. मोहल्ला क्लिनिक में नकली मरीज दिखाए गए और अस्पताल बंद होते हुए भी पेमेंट हुई. सफाई, दवाई, टेस्ट और भर्ती के नाम पर घोटाला हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पतालों में न डॉक्टर, न स्टाफ व न नर्सिंग स्टाफ था. अस्पताल में 2000 नर्सों की कमी है. घोटालों की सरकार ने 10 हजार रुपए की मशीन को लाखों में और 10 रुपए का मास्क 150 रुपए में खरीदा. एक-एक अस्पताल के गोदाम देख लो, क्या-क्या पड़ा है. इतनी बीपी मशीन खरीदी, उसका क्या हुआ. इन्होंने सरकार को भारी कर्जे में छोड़ा है. एक-एक विभाग कर्जे में डूबा है, उसे समझने में न जाने कितना वक्त लगेगा. दिल्ली को भयंकर स्थिति से बाहर लेकर जाएंगे.
नेता प्रतिपक्ष का पलटवार: वहीं, विधानसभा में भाजपा विधायकों, मंत्रियों और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी की सरकार पर आरोपों को लेकर नेता प्रतिपक्ष एवं दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने पलटवार के रूप में X पर पोस्ट किया, 4 दिन से दिल्ली विधानसभा का सदन चल रहा है. भाजपा के विधायकों और मंत्रियों ने सिर्फ एक काम किया है आम आदमी पार्टी को गाली देना।
भाजपा वालों दिल्ली के लोगों ने आपको काम करने के लिए वोट दिया है, 5 साल तक हमें गाली देने के लिए नहीं. 2500 की पहली किश्त कब आएगी? मोदी जी ने गारंटी दी थी कि 8 मार्च को 2500 की पहली किश्त आएगी. उम्मीद है कि मोदी जी की गारंटी पूरी होगी।



