
देहरादून : भानियावाला तिराहे से जौलीग्रांट अस्पताल तक प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण के साथ पैदल यात्रियों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी बेहद जरूरी है।
इसी मांग को लेकर राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष सुलोचना ईष्टवाल के नेतृत्व में एनएचएआई के रीजनल ऑफिस में डीजीएम श्रीमती सरिता बुदियाल जी को ज्ञापन सौंपा।
पार्टी ने मांग की है कि भानियावाला-जौलीग्रांट मार्ग पर उपयुक्त स्थानों पर फुट ओवरब्रिज, सुरक्षित क्रॉसिंग, संकेतक और अन्य रोड सेफ्टी उपाय किए जाएं। विशेष रूप से भानियावाला तिराहा, थानो चौक और दुर्गा चौक जैसे दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की आवश्यकता है।
प्रदेश अध्यक्ष सुलोचना ईष्टवाल ने कहा कि सड़क चौड़ी हो, लेकिन लोगों की सुरक्षा की कीमत पर नहीं। विकास जरूरी है, लेकिन विकास के साथ जनता की सुरक्षा और सुविधाएं भी प्राथमिकता होनी चाहिए।
पार्टी के वरिष्ठ नेता सुरेंद्र सिंह चौहान ने भी पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए ठोस इंतजाम किए जाने की मांग की।
इस दौरान राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवप्रसाद सेमवाल, प्रचार सचिव विनोद कोटियाल एवं प्रेम सिंह चौहान भी मौजूद रहे।



