
देहरादून : दिनांक – 23/09/2026 को वादिनी सुषमा वर्मा पत्नी राहुल वर्मा निवासी कानन कुंज सहस्रधारा रोड ने थाना रायपुर पर एक प्रार्थना पत्र दिया कि नाला पानी चैक के पास समय सुबह करीब 6.50 बजे कुछ लोगों द्वारा उन्हें जबरदस्ती गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया गया। प्राप्त तहरीर पर थाना रायपुर पर तत्काल संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना की गंभीरता के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों पर तत्काल थाना रायपुर व एसओजी देहात की संयुक्त टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा घटनास्थल व उसके आसपास आने जाने वाले रास्तो पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को चैक करते हुए घटना में शामिल अभियुक्तो व वाहन के संबंध में जानकारी एकत्रित की गई, साथ ही घटना के सम्बन्ध में वादिनी से जानकारी कर अन्य संदिग्ध व्यक्तियों से आवश्यक पूछताछ की गई।
पुलिस द्वारा लगातार किये जा रहे प्रयासों के दौरान आज दिनांक 26/09/2026 को पुलिस टीम द्वारा घटना में शामिल 01 अभियुक्ता अन्नू उर्फ चाहत को सहस्रधारा रोड से गिरफ्तार किया गया, जिससे पूछताछ के आधार पर घटना में शामिल 04 अन्य अभियुक्तों (1)- दीपक पुत्र दलीप कुमार, (2)- सुशांत उर्फ लक्की, (3)- अदित्य वश्ष्ठि, (4)- प्रियांशु के नाम प्रकाश में आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिशें दी जा रही है।
पूछताछ का विवरण-
पूछताछ में अभियुक्ता चाहत उर्फ अन्नू द्वारा बताया गया कि घटना में उसके साथ शामिल दीपक पासवान को वह पिछले 02 वर्षो से जानती है तथा दोनों अपना बिजनेस स्टार्ट करना चाहते थे, जिसके लिये वे अपने किसी परिचित के माध्यम से सुषमा वर्मा से मिले, जिसके साथ उनके द्वारा अठूरवाला भानियावाला स्थित डेयरी, जिसमें 11 गाय थी, को चलाने का सौदा 07 लाख 50 हजार रूपये में तय किया तथा उसके एवज में उसे 05 लाख रू0 नकद तथा 02 लाख 50 हजार रू0 का चैक दिया था। इस दौरान उन्हें बताया गया था कि उक्त गायो द्वारा प्रतिदिन 150 लीटर दूध दिया जाता है तथा उक्त दूध को एग्रीमेंट के अनुसार उन्हें पुष्पा नेगी, जिनकी जमीन पर उक्त डेयरी बनी हुई थी, को ही बेचना था, परन्तु गायों का दूध बहुत कम निकलने पर उनके द्वारा इस सम्बंध में सुषमा को बताते हुए अपने 05 लाख रू0 वापस मांगे गये तो उसके द्वारा काम जारी रखने तथा बची हुई रकम में इसे एडजेस्ट करने का आश्वासन दिया गया था।
इस दौरान अन्नू की तबीयत अचानक खराब होने के कारण उनके द्वारा उसे ग्राफिक एरा भर्ती कराया गया तथा पैसों की जरूरत पडने पर उनके द्वारा पुष्पा नेगी से उसे बेचे गये दूध के एवज में उसके पास बचे अपने 01 लाख 22 हजार रू0 मांगे गये तो उसके द्वारा पैसे केवल सुषमा को देने की बात कही गई। सुषमा से बात करने पर उसके द्वारा उन्हें मात्र 10 हजार रू0 देते हुए शेष पैसा देने से साफ इन्कार कर दिया। सुषमा द्वारा उन्हें पैसे देने में लगातार आनाकानी की जा रही थी, वह न तो उनके द्वारा डेयरी में लगाये गये पैसे वापस कर रही थी और न ही दूध के एवज में उसके द्वारा पुष्पा नेगी से प्राप्त की गई रकम उन्हें दे रही थी। डेयरी में लगाई गई रकम को उनके द्वारा अन्य लोगों से ब्याज पर उठाया गया था तथा उक्त व्यक्तियों के द्वारा भी उन पर रकम वापस करने का लगातार दबाव बनाया जा रहा था।
जिस पर परेशान होकर हमने दीपक के अन्य साथियों के साथ मिलकर सुषमा को डराने का प्लॉन बनाया तथा योजना को अजांम देने के लिये कारगी चैक के पास से एक काले रंग की स्विफ्ट कार को किराये पर लिया, जिसके एवज में गारन्टी के तौर पर अन्नू ने अपनी स्कूटी को रखा था। घटना से पूर्व वे दोनो अपने साथियों से मिलने रोशनाबाद हरिद्वार गये तथा वहां से अपने अन्य साथियों आदित्य, लक्की व प्रियांशु के साथ वापस देहरादून आये। दिनांक 23/09/2026 को की प्रातः योजना के मुताबिक दीपक, आदित्य व लक्की उक्त स्विफ्ट कार से सुषमा को डराने के लिये सहस्त्रधारा पहुंचे, पर उसके शोर मचाने व आसपास के लोगो के उनकी ओर आने के कारण पकडे जाने के डर से वह सभी मौके से फरार हो गये थे।
नाम पता गिरफ्तार अभियुक्ता।
चाहत उर्फ अन्नू पुत्री विनोद कुमार निवासी-गोविन्द विहार डाण्डा लखौण्ड थाना रायपुर देहरादून, उम्र-19 वर्ष,
नाम पता वांछित अभियुक्तगण।
1-दीपक पुत्र दिलीप कुमार विष्णु लोक कॉलोनी ज्वालापुर थाना सिडकुल हरिद्वार
2- सुशांत उर्फ लक्की पुत्र अनिल कुमार, निवासी ग्राम डोब तहसील देवप्रयाग थाना हिंडोला खाल जनपद टिहरी गढ़वाल
3- आदित्य वशिष्ठ पुत्र अमित शर्मा निवासी औरंगाबाद थाना सिडकुल, जनपद हरिद्वार
4- प्रियांशु पुत्र सुखपाल निवासी नगला अहमद थाना मंगलौर, जनपद हरिद्वार



