
श्रीनगर गढ़वाल : शनिवार को दिनभर हुई मूसलाधार बारिश ने ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित कर दी। सिरोबगड़ के समीप पहाड़ी से लगातार गिर रहे मलबे के कारण हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही। देखते ही देखते वाहनों की कतार कई किलोमीटर तक पहुंच गई और धारी देवी मंदिर तक वाहन रेंगते हुए नजर आए।
बारिश के बीच हाईवे पर जाम में फंसे यात्रियों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन लंबे समय तक जाम में फंसे रहे। सिरोबगड़ क्षेत्र में पहाड़ी से गिर रहे मलबे के चलते यातायात को सुचारू रखने में भी परेशानी आई।
मार्ग पर मलबा आने की सूचना के बाद संबंधित विभाग की टीम मार्ग को खुलवाने और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने में जुटी रही। बारिश के कारण लगातार बन रही परिस्थितियों के बीच हाईवे पर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करते हुए यातायात सुचारू कराने के प्रयास किए गए।
बारिश के चलते हाईवे पर जगह-जगह सतर्कता की जरूरत : दिनभर जारी बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में मलबा और पत्थर गिरने की आशंका बनी रही। ऐसे में हाईवे से गुजर रहे यात्रियों को सावधानी बरतने की जरूरत है।



