नाबालिग हाथों में कार की स्टियरिंग 06 लोगों को रौंदा, बच्चे की मौत।

लखनऊ : बंथरा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक नाबालिग छात्र ने तेज रफ्तार कार से सड़क किनारे खड़े छह लोगों को बुरी तरह रौंद दिया. हादसे में 6 साल के बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं सहित पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद आरोपी छात्र गर्लफ्रेंड को मौके पर ही छोड़कर कार लेकर फरार हो गया. पुलिस ने लड़की को हिरासत में लेकर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
बंथरा प्रभारी निरीक्षक राणा राजेश सिंह ने बताया, मौके पर जांच पड़ताल में पता चला कि तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार लखनऊ से कानपुर की ओर जा रही थी. कार ने सबसे पहले सड़क किनारे खड़ी प्रमोद कुमार की बाइक को टक्कर मारी. इसके बाद 12 साल के अरमान और फिर एक ही परिवार के तीन सदस्यों साधना पटेल (35), उनकी सास मीना देवी (60) और 6 वर्षीय बेटे दीक्षांत को बुरी तरह कुचल दिया. कार ने ई-रिक्शा चालक अवध बिहारी और एक खाली खड़े ऑटो को भी जोरदार टक्कर मारी।
राहगीरों ने सभी घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया. गंभीर रूप से घायल दीक्षांत को सरोजनी नगर सीएचसी रेफर किया गया. अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने दीक्षांत को मृत घोषित कर दिया. अन्य पांच घायलों का इलाज जारी है, जिनमें से कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है. कार में चालक के साथ एक लड़की भी सवार थी. टक्कर के बाद कार रुकी, लड़की नीचे उतरी और मौका पाकर चालक कार समेत मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने लड़की को हिरासत में ले लिया है. पूछताछ में पता चला है कि दोनों अवध कॉलेज नाम के स्कूल के छात्र हैं और दोनों नाबालिग हैं. बंथरा प्रभारी निरीक्षक राणा राजेश सिंह ने बताया कि लड़की से पूछताछ के आधार पर फरार चालक की तलाश की जा रही है. पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से कार का नंबर और उसकी लोकेशन ट्रेस कर रही है. मृतक दीक्षांत के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।



