
देहरादून : राजधानी देहरादून में एक और मर्डर हो गया है. आज बुधवार को दिनदहाड़े व्यस्त तिब्बती मार्किट में एक शख्स को गोली मार दी गई. घटना के बाद घायल शख्स को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया. जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. मारे गए शख्स की पहचान अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि अर्जुन रिटायर्ड कर्नल के बेटे थे।
देहरादून में 40 साल से शख्स की गोली मारकर हत्या: व्यक्ति की हत्या के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है. मौके पर भारी पुलिस बल मौजूद है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में जुटी है. फॉरेंसिक की टीम ने भी मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
तिब्बती बाजार में शख्स को मारी गोली: पुलिस की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, डालनवाला कोतवाली इलाके में स्थित तिब्बती मार्केट में 40 साल के अर्जुन शर्मा को अज्ञात लोगों ने गोली मार दी. गोली मारने के बाद वो लोग फरार हो गए. गोली चलने की आवाज सुनकर लोग घटनास्थल की ओर दौड़े. वहां लोगों ने अर्जुन शर्मा को तड़पता देखा. उसके शरीर से खून बह रहा था. इसी दौरान किसी ने पुलिस को घटना की सूचना दे दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल शख्स को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
हत्या आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नाकेबंदी: अस्पताल ले जाने तक घायल शख्स का काफी खून बह चुका था. जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. युवक को गोली मारने की सूचना मिलने के बाद एसएसपी दून अजय सिंह अस्पताल पहुंचे. गोली मारने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए देहरादून पुलिस ने पूरे शहर की नाकेबंदी कर दी है. सभी चेक पोस्ट पर चेकिंग अभियान चल रहा है।
टेनिस खेलकर घर लौट रहे थे अर्जुन शर्मा: पुलिस के अनुसार, 40 साल के अर्जुन शर्मा का घर आईटीबीपी में है. वो जीएमएस रोड पर फर्म अमर दीप के नाम से भारत गैस एजेंसी के मालिक थे. अर्जुन तिब्बती मार्किट के सामने परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने आते थे. आज भी वो टेनिस खेल कर वापस घर जा रहे थे. इसी दौरान दो युवकों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी।
हत्याकांड के पीछे प्रॉपर्टी विवाद का शक: पुलिस के अनुसार इस हत्याकांड के पीछे करोड़ों रुपये की प्रॉपर्टी का विवाद बताया जा रहा है. ये भी बताया जा रहा है कि अर्जुन शर्मा और उनके भाई को उनकी मां ने प्रॉपर्टी से बेदखल कर रखा था।
आईजी ने क्या कहा? गढ़वाल आईजी राजीव स्वरूप ने बताया कि घटना की सूचना पर उच्चाधिकारियों द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण कर उपस्थित अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की गयी. घटना की प्रारंभिक जांच में मृतक के बारे में जानकारी की गई तो उनका पारिवारिक व्यवसाय को लेकर पारिवारिक विवाद होना और उसी विवाद के चलते उनकी मां द्वारा उच्च न्यायालय से अपने बेटे (जिसकी मौत हो गई है) से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा प्राप्त किया जाना प्रकाश में आया है।
पुलिस के अनुसार, स्कूटी सवार 02 व्यक्तियों द्वारा घटना को अंजाम दिया जाना प्रकाश में आया है. अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी देहरादून अजय सिंह के निर्देशों पर तत्काल अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है. साथ ही पूरे जनपद में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. घटना के खुलासे के लिए सभी तथ्यों पर पुलिस द्वारा गहन जांच की रही है।
अर्जुन के दोस्त ने क्या कहा? अर्जुन शर्मा के दोस्त राजीव यादव ने बताया है कि अर्जुन को पहले भी कई बार धमकी मिली थी. इसको लेकर उन्होंने एसएसपी और थाना वसंत विहार में शिकायत दर्ज कराई थी. साथ ही बताया है कि अर्जुन का अपनी माता के साथ प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था. राजीव ने एक शख्स का नाम लेते हुए कहा कि, वो अर्जुन को लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा था।
देहरादून जिले में दो हफ्ते के अंदर 4 मर्डर: तिब्बती मार्केट में 40 साल के शख्स की हत्या के साथ देहरादून जिले में दो हफ्ते के अंदर ये चौथा मर्डर है. इनमें तीन मर्डर महिलाओं के हुए हैं. 29 जनवरी को विकासनगर इलाके में छात्रा की हत्या हुई थी. इसके बाद 31 जनवरी को ऋषिकेश में महिला की गोली मारकर हत्या की गई थी. फिर 2 फरवरी को देहरादन के मच्छी बाजार में गुंजन नाम की युवती की हत्या कर दी गई थी. इन घटनाओं ने राजधानी देहरादून में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दी।


