
देहरादून : राजधानी देहरादून में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए, राजपुर रोड स्थित Silver City Mall के पास जिम से लौट रहे प्रॉपर्टी डीलर विक्रम शर्मा की तीन अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी, वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल है।
हमलावर पहले से घात लगाए बैठे थे और विक्रम शर्मा पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और आसपास का क्षेत्र सील कर दिया गया। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश या कारोबारी विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
राजधानी में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई इस हत्या से आम लोगों में भय का माहौल है। पुलिस ने जल्द खुलासे का दावा किया है।



