DRDO ने SFDR टेक्नोलॉजी का किया सफल परीक्षण।

नई दिल्ली : रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने मंगलवार को ओडिशा के तट पर चांदीपुर के इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज (ITR) से सॉलिड फ्यूल डक्टेड रैमजेट (SFDR) टेक्नोलॉजी का सफल प्रदर्शन किया. यह परीक्षण सुबह करीब 10:45 बजे किया गया।
इस सफल परीक्षण के बाद भारत उन खास देशों की कतार में शामिल हो गया है जिनके पास यह टेक्नोलॉजी है, जिससे दुश्मनों पर सामरिक बढ़त पाने के लिए लंबी दूरी की हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइलें बनाई जा सकती है।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि नोजल-लेस बूस्टर, सॉलिड फ्यूल डक्टेड रैमजेट मोटर और फ्यूल फ्लो कंट्रोलर समेत सभी उपप्रणाली ने उम्मीद के मुताबिक काम किया, जब उन्हें शुरू में ग्राउंड बूस्टर मोटर से जरूरी मच संख्या तक चलाया गया.बयान के मुताबिक, सिस्टम की परफॉर्मेंस की पुष्टि बंगाल की खाड़ी के तट पर लगाए गए कई ट्रैकिंग इंस्ट्रूमेंट्स से लिए गए फ्लाइट डेटा से हुई।
इस लॉन्च की DRDO की अलग-अलग लैब्स के वरिष्ठ वैज्ञानिकों ने निगरानी की, जिनमें डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट लैबोरेटरी, हाई एनर्जी मैटेरियल्स रिसर्च लैबोरेटरी, रिसर्च सेंटर इमारत और ITR शामिल है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने SFDR टेक्नोलॉजी के सफल प्रदर्शन के लिए DRDO और उद्योग की तारीफ की. वहीं, रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव और DRDO के चेयरमैन डॉ. समीर वी कामत ने सफल उड़ान टेस्ट में शामिल सभी टीमों को बधाई दी।
