
देहरादून : राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रूपऊ कालसी देहरादून में कॅरियर गाइडेंस कार्यक्रम के तहत मार्गदर्शन देते हुए मुख्य मार्गदर्शक पीसीएस अधिकारी स्टेट जीएसटी डिप्टी कमिश्नर विजय कुमार ने कहा कि यदि शिक्षार्थियों द्वारा स्वयं को अनुशासन के ढांचे में डालकर कठिन परिश्रम किया जाए तो सफलताएं ही सफलताएं मिलती रहती हैं।
स्वयं का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि उन्होंने सरकारी सेवा करने के लिए लगातार आठ परीक्षाएं उत्तीर्ण की है, जो कि बच्चों के लिए एक प्रेरणादायक संघर्ष की कहानी बयां करती हैं। उन्होंने कविता के माध्यम से भी छात्र-छात्राओं को शिक्षा, परीक्षा और प्रतियोगिताओं के बारे में जागरूक किया।
बालक बालिकाओं द्वारा जो प्रश्न पूछे गए उनका भी विस्तार पूर्वक उन्होंने जवाब दिया। बच्चों में देखने लायक उत्सुकता थी कि वह जो बनना चाहते हैं – उसके लिए कैसे पढ़ाई करें ? कैसे तैयारी करें और फिर वह क्या बन सकते हैं ? इन सभी प्रश्नों पर बार-बार उन्होंने आए हुए अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया।
मार्गदर्शक के रूप में जियोलॉजिस्ट एवं डिप्टी जनरल मैनेजर उत्तराखंड जल विद्युत निगम संजय कुमार ने कई विषयों की जटिलताओं से छात्र-छात्राओं को रूबरू कराया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार से छात्र-छात्राएं स्वयं से कमिटमेंट कर अपनी प्राथमिकताओं को तय करें। उसके अनुसार अपनी दिनचर्या को निर्धारित करें।
निश्चित समय सीमा में अपने उद्देश्य की प्राप्ति करें। और अपने कॅरियर को बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहें। विशेष रूप से एक छात्रा के प्रश्न का जवाब देते हुए उन्होंने इंजीनियरिंग के क्षेत्र में किस-किस प्रकार से किस-किस क्षेत्र में प्रवेश प्राप्त किया जा सकता है, क्या और किस क्षेत्र में उपलब्धि हासिल की जा सकती है, किस प्रकार से एक सफलता पूर्ण जीवन को जी सकते हैं। इन सभी पर उन्होंने अपना मार्गदर्शन दिया।
मार्गदर्शक के रूप में कृषि विभाग से सेवानिवृत अधिकारी डिगंबर सिंह ने भी कृषि से संबंधित जानकारी से छात्र-छात्राओं को लाभान्वित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य नंदकिशोर यादव ने आए हुए अतिथियों का स्वागत सत्कार किया और छात्र-छात्राओं से अपेक्षा की है कि वह विशेष प्रतिभा के धनी व अनुभवी अधिकारियों से काफी कुछ सीखेंगे और अपने जीवन में सफलता के मार्ग पर अग्रसर होंगे।
कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय की शिक्षक एवं उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के पूर्व सदस्य डॉ जितेन्द्र सिंह बुटोइया ने किया। सभी प्रकार की व्यवस्थाओं में सहयोग विद्यालय की शिक्षिका मीनाक्षी तिवारी ने किया आए हुए सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर कक्षा 10 के सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे।



