तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, तीन की मौत, एक की हालत गंभीर।

गाजीपुर : रविवार सुबह एक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई. जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के वाराणसी-गोरखपुर नेशनल हाईवे पर रसूलपुर गांव के पास रविवार सुबह मऊ के वनदेवी धाम से दर्शन कर लौट रहे बाइक सवार परिवार को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।
चश्मदीदों के अनुसार, बाइक पर एक युवक, दो महिलाएं और एक बच्ची सवार थे. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक कार में फंसकर करीब 100 मीटर दूर तक घिसटती चली गई, फिर अनियंत्रित होकर एक ट्रक से जा भिड़ गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को हिरासत में लेते हुए सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जिनमें नसीरपुर गांव के 70 वर्षीय चंद्रज्योति पाल, उनकी दो वर्षीय नतिनी अस्मिता पाल और भांजा संजीव पाल (30 वर्ष) शामिल हैं. वहीं, गंभीर रूप से घायल महिला कुंती पाल का इलाज वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
ग्राम प्रधान कमलेश यादव और जिला पंचायत सदस्य रंजीत यादव ने बताया कि यह इलाका दुर्घटना संभावित है, जहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं. लोग सड़क पार करते समय अक्सर हादसे का शिकार हो जाते हैं. कई बार अंडरपास निर्माण की मांग की गई, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ. ग्रामीणों ने इस बार स्थायी समाधान की मांग की है।



