हाथ में हथकड़ी और पैर में बेड़ी डालकर अमेरिका से भेजे गए भारतीय, मायावती ने जताई कड़ी आपत्ती।

लखनऊ : अमेरिका की डोनाल्ड ट्रंप सरकार ने अवैध रूप से अमेरिका में प्रवेश करने वाले लोगों को वापस भेजना शुरू भी कर दिया है. ट्रंप की तरफ से जिस स्थिति में भारतीयों को उनके देश वापस भेजा गया, उस पर भारत के राजनीतिक दलों ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है।
अमेरिका ने अपनी सेना के विमान से भारतीयों को पैर में बेड़ी और हाथ में हथकड़ी लगाकर डिपोर्ट किया है, जिस पर तमाम सवाल उठ रहे हैं. केंद्र सरकार को घेरने में राजनीतिक दल कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं. संसद के बाहर कांग्रेस समेत तमाम दलों ने इसके विरोध में प्रदर्शन किया. वहीं, बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भी कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने लिखा है कि ‘महिलाओं व बच्चों सहित गुजरात, पंजाब व हरियाणा जैसे राज्यों के 104 भारतीयों को हथकड़ी व पांव में बेड़ी डालकर अमानवीय तरीके से अमेरिका के सैन्य विमान से वापस भेजे गए, भारतीयों का मामला दुखद है. देश के स्वाभिमान से जुड़ा व ठेस पहुंचाने वाला अति-चिन्तनीय है।
मायावती ने आगे लिखा ‘कैदियों से भी बदतर हालात में वापस लौटाए गए भारतीयों के सम्बंध में केन्द्र सरकार का आज संसद में दिया गया बयान घटना की गंभीरता और उससे भारतीयों को पहुंचने वाले दुख व शर्मिन्दगी को देखते हुए लीपापोती करने वाला ज्यादा और संतोषजनक कम है।
सरकार मामले को पूरी गंभीरता से ले. अमेरिका को फिर से महान बनाने की नीति के तहत अवैध रूप से रहने वाले अन्य भारतीयों के भी वापस भारत भेजे जाने की चर्चा जोरों पर है, जिसको लेकर भारत सरकार को सतर्क होना जरूरी है. जिससे अन्य भारतीय परिवारों को ऐसी पीड़ा व देश को ऐसा अनादर का सामना अब आगे न करना पड़े।
बता दें कि पहले चरण में अमेरिका की तरफ से 104 भारतीयों को सैन्य विमान से भारत भेजा गया है. यह सभी भारतीय अपने देश पहुंच चुके हैं. पंजाब, हरियाणा और गुजरात के रहने वाले यह सभी भारतीय है।


