गुजरात से केदारनाथ जा रहे श्रद्धालुओं की कार पुल से नीचे गिरी चार लोगों की दर्दनाक मौत।

मुजफ्फरनगर : यूपी के मुजफ्फरनगर में सोमवार को भीषण सड़क हादसा में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. शहर के छपार थाना क्षेत्र के पानीपत और खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग के सिसौना के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर से नीचे गिर गई. हादसे में कार सवार पांच लोगों में से चार की मौत हो गई. वहीं कार का ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया. जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि कार फ्लाईओवर से करीब 20 फीट नीचे गिर गई।
बताया जा रहा है कि गुजरात के गांधीनगर निवासी पांच दोस्त केदारनाथ के दर्शन के लिए कार से जा रहे थे. तभी जैसे ही सिसौना फ्लाईओवर पर उनकी कार पहुंची उसी समय ड्राइवर का गाड़ी पर से कंट्रोल खो गया. जिससे कार फ्लावर का डिवाइड तोड़ते हुए नीचे गिर गई. इस हादसे में अमित, विपुल, भरत और करण की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है जबकी कार चालक जिगर गंभीर रुप से घायल हो गया जिसका इलाज जारी है. दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने गंभीर हालत में घायल को कार से बाहर निकाला और तुरंत एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया।
इस मामले में जानकारी देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और घायल का उपचार जारी है. फ्लाईओवर से नीचे गिरने के कारण कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. इस दुर्घटना में नीचे मौजूद किसी अन्य वाहन या व्यक्ति को चोट नहीं आई है. सभी तथ्य जुटाए जा रहे हैं और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



