
उदयपुर : बीती रात दिल दहला देने वाला एक हादसा सामने आया। इसमें बीती रात दो सगी वृद्ध महिलाओं का शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों महिलाओं के सिर पर चोट कर निशान हैं। पुलिस ने इसे डबल मर्डर मानकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं जब मृतक महिलाओं के घर पर केयरटेकिंग का काम देखने वाला परिवार पहुंचा तो दोनों वृद्ध महिलाओं का शव पड़ा हुआ देखा। इधर, शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इस सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लिया।
यह हादसा उदयपुर शहर के अंबा माता थाना क्षेत्र के नवरत्न कंपलेक्स क्षेत्र में सामने आया। जहां एक घर में दो वृद्ध महिला हुसैना (80) पत्नी याहया अली व उसकी बहन बोहरवाड़ी निवासी सारा (75) पत्नी अहमद अली के शव पड़े मिले थे। इस सूचना से कॉलोनी के लोगों में सनसनी फैल गई। वहीं इस सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। उदयपुर के एसपी भवन भूषण भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटनास्थल की जानकारी ली। शनिवार सुबह दोनों शवों को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस ने बताया कि दोनों वृद्ध महिलाएं सारा और हुसैना अकेली रहती थी। दोनों सगी बहनें थी। उनके यहां एक परिवार केयरटेकर के रूप में कार्य करता था। जो घर के छोटे-मोटे कम और चौकीदारी का काम करता था। इस दौरान परिवार के लोग महिलाओं के घर पहुंचे तो उन्हें दोनों बहनों के शव पड़े हुए मिले। महिलाओं के शव देखकर परिवार के लोग चीख पड़े। इस सूचना पर आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।
मामले की सूचना पर उदयपुर शहर के पुलिस अधीक्षक भवन भूषण यादव मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। इसके अलावा डॉग स्क्वायड टीम ने भी घटनास्थल से सुराग उठाएं हैं। पुलिस के अनुसार दोनों महिलाओं के सिर पर चोट के निशान है। ऐसे में डबल मर्डर की आशंका जताई जा रही है। मामले की जांच शुरू करते हुए पुलिस ने लोगों के बयान लेना शुरू कर दिया है। इसके अलावा पुलिस क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे की भी जांच कर रही है। पुलिस ने मर्डर के जल्द खुलासे का आश्वासन दिया है।
