
देहरादून : बहुजन समाज पार्टी द्वार आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला कार्यालय 15 गांधी रोड पर एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी ने देहरादून एवं उत्तरकाशी जिले के पदाधिकारियों के साथ विधानसभा वार संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में देहरादून जिले की सभी दस विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी जिला पदाधिकारियों को सौंपी गई। जिला अध्यक्ष केपी सिंह ने बताया कि जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में सेक्टर कमेटियों का गठन किया जा चुका है, और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का कार्य चल रहा है, उन्होंने बताया कि सभी विधानसभा सीटों पर संभावित उम्मीदवारों के बायोडाटा भी लिए जा रहे है।
उत्तरकाशी जिले की तीनों विधानसभा सीटों की भी समीक्षा की गई, जिला अध्यक्ष बुद्धिलाल ने विधानसभा वार संगठन की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कमेटियों के गठन का कार्य तेजी से चल रहा है तथा संभावित विधानसभा उम्मीदवारों के बायोडाटा लिए जा रहे है।
बैठक में देहरादून महानगर अध्यक्ष पद पर सुहेन्द्र पाल गौतम की नियुक्ति भी की गई, जिला अध्यक्ष केपी सिंह ने उनकी नियुक्ति की घोषणा की।
प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करना प्राथमिकता है। उन्होंने जिला अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों को विधानसभा वार रणनीति बनाकर गांव, सेक्टर और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने के निर्देश दिए, उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के जाने के बाद जिस प्रकार शुद्धिकरण किया गया, वह गंभीर विषय है।
ऐसे मामलों को देखते हुए बसपा को मजबूत करने और जनता को संविधान में दिए गए अधिकारों के प्रति जागरूक करने की जरूरत है। बसपा सामाजिक बराबरी और संविधान में मिले अधिकारों को सभी वर्गों तक पहुंचाने में विश्वास रखती है।
प्रदेश महासचिव सतेंदर सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव में पार्टी की मजबूती के लिए संगठन को, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है, उन्होंने पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार जनसंपर्क करने और बसपा की नीतियों एवं विचारधारा को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया, उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन और सक्रिय कार्यकर्ताओं के दम पर पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी।
इस दौरान बैठक में जॉन विधानसभा प्रभारी सत्यपाल, जिला महासचिव प्रमोद गौतम, पूर्व प्रदेश सचिव विनोद कटारिया, शिवकुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।



