उत्तराखंडदेहरादून

आरोपियों के घर पहुंचा सरकार का पीला पंजा, मकान पर शुरू हुई कार्रवाई।

युवक की मौत के बाद प्रशासन सख्त, गांव में भारी पुलिस बल तैनात।

विकासनगर/सहसपुर। सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में खेतों की सिंचाई के पानी के बंटवारे को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस हिंसक झड़प में विनोद नामक युवक की मौत हो गई, जबकि अशोक, सुषमा और राजेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, पानी के बंटवारे को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गई। मृतक पक्ष का आरोप है कि दूसरे पक्ष के कई लोग हथौड़े और बेलचे जैसे औजारों के साथ घर में घुस आए और हमला कर दिया। हमले में विनोद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ने पर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार क्षेत्र में कैंप कर हालात पर नजर बनाए हुए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से पूरे गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

इसी बीच प्रशासन ने आरोपितों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए उनके घरों पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी। सरकार का “पीला पंजा” आरोपियों के मकान तक पहुंच गया और कार्रवाई मकान की दीवार से शुरू हुई। प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं तेज हैं।

वहीं विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता भी गांव पहुंच रहे हैं और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कुछ संगठनों ने आरोपितों के एनकाउंटर की मांग भी उठाई है।

घटना के बाद कुछ परिवारों के गांव छोड़ने तथा कुछ स्थानों पर आगजनी की चर्चाएं भी सामने आई हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

तनावपूर्ण हालात को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी हैं, ताकि अफवाहों और भ्रामक संदेशों के प्रसार को रोका जा सके। प्रशासन ने लोगों से सोशल मीडिया पर अपुष्ट जानकारी साझा न करने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button