दिल्ली एसिड अटैक पर LG ने लिया कड़ा संज्ञान।

नई दिल्ली : दिल्ली यूनिवर्सिटी की छात्रा पर एसिड अटैक की घटना को उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताते हुए अत्यंत गंभीरता से लिया है. उन्होंने पुलिस आयुक्त को निर्देश दिया है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए. एलजी ने घटना की क्रूरता पर गहरा दुख व्यक्त किया और दिल्ली पुलिस के कमिश्नर सतीश गोलचा को तत्काल और कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए हैं.राज निवास से जारी एक बयान के अनुसार, उपराज्यपाल ने पुलिस कमिश्नर को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस जघन्य अपराध के दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उन्हें कानून के तहत सख्त से सख्त सजा दिलाई जाए. एलजी ने जोर देकर कहा कि ऐसे अपराध समाज में बर्दाश्त नहीं किए जा सकते और न्याय सुनिश्चित करने के लिए त्वरित तथा गहन जांच की आवश्यकता है।
उपराज्यपाल सक्सेना ने घटना की विस्तृत रिपोर्ट मांगते हुए पुलिस कमिश्नर से यह भी पूछा है कि शहर में तेजाब की बिक्री पर प्रतिबंध होने के बावजूद हमलावरों ने इसे कैसे हासिल किया. यह सवाल तेजाब की खुदरा बिक्री पर लागू नियमों की प्रभावशीलता पर गंभीर चिंताएं पैदा करता है. उन्होंने निर्देश दिया कि पुलिस इस पहलू की गहराई से जांच करे और तेजाब की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए प्रभावी तंत्र स्थापित करे।
उपराज्यपाल ने पीड़ित और उसके परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन भी दिया है. उन्होंने अस्पताल के अधिकारियों से संपर्क साधा है और पीड़िता का सर्वोत्तम इलाज सुनिश्चित करने का आग्रह किया है. यह घटना दिल्ली में महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े करती है, जिस पर एलजी के सख्त रुख ने पुलिस और प्रशासन पर त्वरित कार्रवाई का दबाव बढ़ा दिया है. एलजी के निर्देश यह सुनिश्चित करने की दिशा में एक कदम हैं कि दोषियों को मिसाल कायम करने वाली सजा मिले और भविष्य में ऐसे घिनौने अपराधों को रोका जा सके।
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने ‘लक्ष्मी बनाम भारत संघ और अन्य’ के मामले में देश में एसिड हमलों को रोकने के लिए एसिड की बिक्री को विनियमित करने के लिए केंद्र के साथ-साथ राज्य सरकारों को कई दिशा-निर्देश जारी किए हैं. इस संबंध में, दिल्ली सरकार ने एसिड की बिक्री को नियंत्रण करने के लिए एक आदेश पारित किया था, जिसमें क्षेत्र के संबंधित उप जिलाधिकारी को नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर 50 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाने का अधिकार दिया गया है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक यह घटना रविवार सुबह की है. भारत नगर पुलिस को दीप चंद बंधु अस्पताल से कॉल मिली थी कि एक युवती को एसिड अटैक में घायल अवस्था में भर्ती कराया गया है. पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और अस्पताल जाकर पीड़िता का बयान दर्ज किया. पीड़िता ने बताया कि वह बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है. घटना के समय वह अशोक विहार स्थित लक्ष्मीबाई कॉलेज में अतिरिक्त कक्षा के लिए जा रही थी. इसी दौरान मुकुंदपुर निवासी आरोपी अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचा और छात्रा पर एसिड फेंक दिया. छात्रा ने किसी तरह चेहरा बचाया, लेकिन उसके दोनों हाथ बुरी तरह झुलस गए।
हमले के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए. छात्रा को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है. पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी जितेंद्र पिछले कुछ महीनों से छात्रा का पीछा कर रहा था. एक महीने पहले दोनों के बीच विवाद भी हुआ था।


