उत्तर प्रदेश

कस्टडी से भागा दो करोड़ की लूट का सरगना।

लखनऊ : फिरोजाबाद जिले में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां दो करोड़ की लूट का मास्टरमाइंड नरेश पुलिस की गिरफ्त से फरार हो गया। नरेश को उसके पांच साथियों के साथ गिरफ्तार किया गया था। पुलिस को उनसे एक करोड़ रुपये की बरामदगी भी हुई थी। लेकिन रविवार को जब पुलिस उसे बरामदगी के लिए लेकर गई, तब वह शौच का बहाना बनाकर हथकड़ी समेत भाग निकला।

नरेश उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के थाना खैर के अंतर्गत गांव अरनी का निवासी है। पुलिस ने उसे शनिवार शाम को गिरफ्तार किया था। रविवार दोपहर लगभग 1 बजे पुलिस उसे रकम की बरामदगी के लिए मक्खनपुर के गांव घुनपई के पास सर्विस रोड पर ले गई। नरेश ने पुलिस को बताया था कि उसने झाड़ियों में रुपयों से भरा बैग छिपाया है।

जब पुलिस उसे बरामदगी के लिए लेकर जा रही थी, तब उसने शौच लगने की बात कही। पुलिस ने उसे गांव खेड़ा गणेशपुर के पास सड़क किनारे उतार दिया। उसके एक हाथ में हथकड़ी लगी थी। वह झाड़ियों की ओर शौच के बहाने गया और काफी देर तक नहीं लौटा। जब पुलिसकर्मी उसे देखने गए, तो वह वहां नहीं मिला।

इस घटना से पूरे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। पूरे जिले में नाकाबंदी कर दी गई है और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

30 सितंबर की सुबह कानपुर-आगरा हाईवे पर स्थित मक्खनपुर के पास एक कार को ओवरटेक कर हथियारबंद बदमाशों ने दो करोड़ रुपये लूट लिए थे। यह रकम गुजरात की जीके कंपनी की थी, जो कैश ट्रांजेक्शन का कार्य करती है। कार चालक और कर्मचारी पैसे लेकर आगरा ऑफिस जा रहे थे। तभी बदमाशों ने कार रोककर चालक को अगवा कर लिया और रकम लूट कर फरार हो गए।

इस घटना के खुलासे के लिए एसएसपी सौरभ दीक्षित ने छह टीमें लगाईं। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को दो संदिग्ध कारों की जानकारी मिली। ट्रेसिंग के बाद पुलिस दिल्ली पहुंची और फिर एक-एक कर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। पायनियर पुल के पास से मास्टरमाइंड नरेश सहित छह बदमाश गिरफ्तार हुए थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button