
नई दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को केरल हाईकोर्ट के एक आदेश को चुनौती देने वाली याचिका खारिज कर दी, जिसमें राजनीतिक दलों को कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम, 2013 (POSH Act) के दायरे में लाने से इनकार कर दिया गया था।
भारत के मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई की अध्यक्षता वाली पीठ ने मामले में सुनवाई की. पीठ में जस्टिस के विनोद चंद्रन और जस्टिस अतुल एस चंदुरकर शामिल थे. याचिकाकर्ता की ओर से एक वकील ने दलील दी कि POSH अधिनियम के तहत ‘पीड़ित महिला’ की परिभाषा व्यापक है और यह इस बात तक सीमित नहीं है कि कोई महिला नौकरी करती है या नहीं. पीठ ने कहा कि किसी राजनीतिक दल में शामिल होना नौकरी करने के समान नहीं है।
वरिष्ठ वकील ने हाईकोर्ट के इस दृष्टिकोण पर सवाल उठाया कि जब तक वह नौकरी पर न हो, पीड़ित महिला इस प्रावधान का इस्तेमाल नहीं कर सकती. हालांकि, पीठ ने पूछा, “आप कार्यस्थल पर राजनीतिक दलों को कैसे शामिल करते हैं?” वकील ने जवाब दिया कि यह एक संगठन है।
याचिका खारिज करते हुए पीठ ने कहा, “जब कोई सदस्य किसी राजनीतिक दल में शामिल होता है तो यह कोई नौकरी नहीं होती. इससे सदस्यों को ब्लैकमेल करने का पिटारा खुल जाएगा.”।
पिछले महीने यानी अगस्त में, सुप्रीम कोर्ट ने राजनीतिक दलों को कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम, 2013 के दायरे में लाने की याचिका पर विचार करने से इनकार कर दिया था. पीठ ने कहा था कि अदालत इस मामले में हस्तक्षेप नहीं कर सकती, क्योंकि यह संसद के अधिकार क्षेत्र में आता है।
मुख्य न्यायाधीश ने सुझाव दिया कि याचिकाकर्ता को कुछ महिला सांसदों से संपर्क करना चाहिए और इस मुद्दे पर उनसे बात करनी चाहिए तथा एक निजी विधेयक पारित करना चाहिए।
वकील ने कहा कि उनकी मुवक्किल कोई अधिनियम नहीं चाहती बल्कि राजनीतिक दलों को इसके दायरे में लाने के लिए POSH अधिनियम की व्याख्या चाहती है।
सुप्रीम कोर्ट ने पिछले साल दिसंबर में याचिकाकर्ता की इसी प्रकार की जनहित याचिका पर विचार करने से इनकार कर दिया था. शीर्ष अदालत ने याचिकाकर्ता से कहा था कि वह चुनाव आयोग से संपर्क करें, क्योंकि चुनाव आयोग एक संवैधानिक निकाय है, जो राजनीतिक दलों की निगरानी करता है।
मई 2023 में, सुप्रीम कोर्ट ने सभी सरकारी और निजी विभागों में आंतरिक शिकायत समितियां (आईसीसी) स्थापित करने और SheBox पोर्टल विकसित करने का निर्देश दिया था, जहां महिलाएं शिकायत दर्ज करा सकती हैं. अदालत ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में POSH अधिनियम के समान कार्यान्वयन का आह्वान किया था।

