उत्तर प्रदेश

पत्रकार उत्पीड़न के खिलाफ प्रेस क्लब स्योहारा ने की राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग।

नसीम अहमद

स्योहारा,वरिष्ठ पत्रकार अजीत अंजुम के खिलाफ बिहार राज्य के बेगूसराय में दर्ज की गई प्राथमिकी के विरोध में प्रेस क्लब स्योहारा ने बुधवार शाम को भारत की महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन स्थानीय थाना प्रभारी के माध्यम से सौंपा। यह ज्ञापन प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा एवं पत्रकारों के उत्पीड़न पर चिंता व्यक्त करते हुए तत्काल हस्तक्षेप की मांग करता है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि अजीत अंजुम एक निडर, जनपक्षधर और संविधान-प्रेरित पत्रकार हैं, जिनके खिलाफ बार-बार की जा रही कानूनी कार्रवाइयाँ न केवल अनुचित हैं, बल्कि यह देश में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर भी एक गंभीर हमला है। ज्ञापन में राष्ट्रपति महोदया से अनुरोध किया गया कि वे इस मामले में स्वतः संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच के आदेश दें, और प्रेस की स्वतंत्रता को सुनिश्चित करने हेतु केंद्र व राज्य सरकारों को दिशा-निर्देश जारी करें।

थाना प्रभारी अमित कुमार को ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रेस क्लब स्योहारा के अध्यक्ष शारिक ज़ैदी, महामंत्री नजम सिद्दीकी, वरिष्ठ पत्रकार डॉ. वीरेंद्र कुमार पुष्पक, नसीम अहमद, इमरान मंसूरी, दिलशाद अहमद एवं दानिश अहमद मौजूद रहे।

इस अवसर पर पत्रकारों ने एक स्वर में कहा कि यदि स्वतंत्र पत्रकारों को सच बोलने की कीमत एफआईआर और उत्पीड़न के रूप में चुकानी पड़ेगी, तो यह लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रेस की गरिमा और स्वतंत्रता की रक्षा हेतु ऐसे प्रयास भविष्य में भी जारी रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button