राष्ट्रीय

वृद्धाश्रम में फूड पॉइजनिंग से अब तक 5 की मौत, 11 लोग ICU में भर्ती।

तेनकासी : तमिलनाडु के तेनकासी जिले में एक वृद्धाश्रम में फूड पॉइजनिंग से एक और व्यक्ति की मौत हो गई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है. वहीं 11 लोग गहन चिकित्सा कक्ष (ICU) में भर्ती हैं.मामला सुंदरपंडियापुरम के पास स्थित अन्नाई वृद्धाश्रम का है. इस आश्रम में 60 से ज़्यादा लोग रहते हैं. यहां आम तौर पर हफ्ते में एक बार मांसाहारी भोजन दिया जाता है. मेन्यू के हिसाब से 11 जून को भी वृद्धाश्रम में रहने वालों को मांसाहारी भोजन दिया गया।

हालांकि, मांसाहारी खाना खाने वाले लोग अचानक बेहोश होने लगे. इसके बाद 50 से अधिक लोगों को तुरंत इलाज के लिए तेनकासी सरकारी जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया. सभी का आईसीयू में इलाज चल रहा था, इस दौरान तीन लोगों – शंकर गणेश (48), मुरुगामल (45) और अंबिका (40) की मौत हो गई. वहीं, अगली सुबह धनलक्ष्मी (70) नामक एक बुजुर्ग महिला ने भी दम तोड़ दिया.

वहीं, गंभीर हालत को देखते हुए 8 लोगों को बेहतर इलाज के लिए नेल्लई सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया. जांच करने वाले डॉक्टरों ने बताया कि सभी को खाने-पीने की चीजों से एलर्जी थी।

वहीं तेनकासी की जिला मजिस्ट्रेट लावण्या के नेतृत्व में वरिष्ठ अधिकारी वृद्धाश्रम पहुंचे और निरीक्षण किया. एहतियात के तौर पर उन्होंने वृद्धाश्रम में खाना खाने वाले सभी लोगों को मेडिकल जांच के लिए सरकारी अस्पताल भेजवाया।

पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर ओल्ड एज होम के मालिक राजेंद्रन को गिरफ्तार कर लिया है।

इस बीच, तेनकासी सरकारी अस्पताल में इलाज करा रहे 12 लोगों को आगे के इलाज के लिए नेल्लई पलयनकोट्टई के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया. वहां आईसीयू में भर्ती मुप्पुदथी (54) की मंगलवार 17 जून को मौत हो गई. इसके बाद इस घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 5 हो गई है. 11 लोगों का नेल्लई सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button