अब हेड कांस्टेबल नहीं काटेंगे चालान, पुलिस कमिश्नर ने जारी किया फरमान।

नई दिल्ली/गाजियाबाद : गाजियाबाद की कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस कमिश्नर जे रविंद्र गौड़ द्वारा लगातार कवायद की जा रही है. पुलिस कमिश्नर जे रविंद्र गौड़ ने आदेश दिया है कि गाजियाबाद यातायात पुलिस में तैनात हेड कांस्टेबल अब चालान काटने की कार्रवाई नहीं करेंगे. गाजियाबाद में हेड कांस्टेबल द्वारा चालान काटने की कार्रवाई को तत्काल रूप से बंद कर दिया गया है. चालान की कार्रवाई अब ट्रैफिक इंस्पेक्टर या फिर ट्रैफिक सबइंस्पेक्टर द्वारा की जाएगी।
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की कवायद : पुलिस कमिश्नर द्वारा गाजियाबाद की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस लाइन में गोष्ठी का आयोजन किया गया. जिसमें अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात, सभी यातायात निरीक्षक और यातायात उपनिरीक्षक शामिल हुए. पुलिस कमिश्नर द्वारा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निर्देश जारी किए गए है।
हेड कांस्टेबल के द्वारा की जाने वाली कार्रवाई पर रोक : अपर पुलिस उपायुक्त यातायात सच्चिदानंद के मुताबिक, “यातायात पुलिस में नियुक्त हेड कांस्टेबल के द्वारा की जाने वाली चालान कार्रवाई को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है. यातायात पुलिस में नियुक्त सभी हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल, होमगार्ड और पीआरडी जवानों के द्वारा यातायात निरीक्षक और यातायात उपनिरीक्षक के पर्यवेक्षण में सक्रिय होकर सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस कमिश्नर द्वारा लिए जा रहे अहम फैसले: गाजियाबाद में अब सभी होटल और बैंकेट हाल आदि में किसी भी प्रकार के बड़े आयोजन. जैसे- शादी समारोह, भंडारा आदि, जिसमें यातायात प्राप्त व्यवस्था प्रभावित हो सकती है. इसके बारे में प्रबंधक द्वारा संबंधित सूचना को अपर पुलिस आयुक्त यातायात को ईमेल के माध्यम से भेजना होगा. जिससे यातायात पुलिस द्वारा व्यवस्था बनाई जा सके और सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न ना हो. गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर का चार्ज संभालने के बाद जे रविंद्र गौड़ द्वारा लगातार अहम फैसले लिए जा रहे है।



