फुटपाथ पर सो रहे पांच लोगों को ऑडी कार ने कुचला, ड्राइवर गिरफ्तार।

नई दिल्ली : दिल्ली में एक बार फिर तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला. वसंत विहार इलाके से ये दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शिवा कैंप के पास फुटपाथ पर सो रहे 5 लोगों को एक नशे में धुत ऑडी कार चालक ने कुचल दिया. घटना की जानकारी दिल्ली पुलिस को PCR कॉल के माध्यम से मिली।
वसंत विहार इलाके में तेज रफ्तार कार का कहर : मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंची पुलिस टीम को जानकारी मिली कि सभी घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा जा चुका है. बताया गया कि सभी पीड़ित हादसे के वक्त फुटपाथ पर सो रहे थे. वसंत विहार इलाके में हुई इस घटना में घायलों की पहचान लधी (40 वर्ष), निवासी अजमेर, राजस्थान, बिमला (8 वर्ष), निवासी अजमेर, सबामी उर्फ चिरमा (45 वर्ष), निवासी अजमेर, नारायणी (35 वर्ष), निवासी भीलवाड़ा, राजस्थान और रामचंद्र (45 वर्ष), निवासी भीलवाड़ा के रूप में हुई है ।
तेज रफ्तार ऑडी कार ने अचानक नियंत्रण खोया : प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक सफेद रंग की तेज रफ्तार ऑडी कार ने अचानक नियंत्रण खोते हुए फुटपाथ पर सो रहे इन सभी 5 लोगों को कुचल दिया. लोगों ने बताया कि कार की रफ्तार काफी तेज थी और घटना के तुरंत बाद भगदड़ मच गई और आसपास के लोग डर गए .पुलिस ने बताया कि कार चालक की पहचान 40 वर्षीय उत्सव शेखर निवासी द्वारका के रूप में हुई है, जिसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।
चालक घटना के वक्त शराब के नशे में था धुत: पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मेडिकल जांच में पुष्टि हुई है कि चालक घटना के वक्त शराब के नशे में धुत था. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. फिलहाल इस हादसे में सभी घायलों का इलाज जारी है, वहीं पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच में जुट गई है इस दर्दनाक घटना ने क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है. घटना 9 जुलाई की देर रात करीब 1:45 बजे बजे की बताई जा रही है।
