उत्तर प्रदेश

राजकीय इंटर कॉलेज सिरौली गौसपुर में निकाली गई भव्य “हर घर तिरंगा” रैली।

विद्यार्थियों ने देशभक्ति नारों के साथ दिया राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश।

बाराबंकी/13 अगस्त /स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में चलाए जा रहे “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार, लखनऊ द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज, सिरौली गौसपुर, जनपद बाराबंकी में भव्य स्वतंत्रता दिवस एवं हर घर तिरंगा तिरंगा विषयक रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अखंडता तथा तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री अनिल कुमार सरोज, उप जिलाधिकारी, सिरौली गौसपुर ने हरी झंडी दिखाकर तिरंगा यात्रा को रवाना किया साथ में ग्राम प्रधान श्री मैकुलाल कनौजिया मौजूद रहे। तिरंगा यात्रा में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों के साथ लोगों को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रीय गौरव और उत्साह के साथ मनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि श्री मैकुलाल कनौजिया, ग्राम प्रधान; श्री विजय कृष्ण यादव, प्रधानाचार्य; श्री प्रदीप महाजन, शिक्षक एवं राष्ट्रीय कवि; श्री मनोज स्वतंत्र; तथा श्री राम अवतार सरोज, थानाध्यक्ष बदोसराय उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण किया तथा देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए युवा पीढ़ी को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि श्री अनिल कुमार सरोज, उप जिलाधिकारी, सिरौली गौसपुर ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज हमारे गौरव, स्वाभिमान और स्वतंत्रता का प्रतीक है। “हर घर तिरंगा” अभियान केवल तिरंगा फहराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्र के प्रति सम्मान, जिम्मेदारी और अपनत्व की भावना को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे इस अभियान का संदेश अपने परिवार एवं समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाएं।

प्रधानाचार्य श्री विजय कृष्ण यादव ने कहा कि विद्यालयों में इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ अपने राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक होना चाहिए।

राष्ट्रीय कवि एवं शिक्षक श्री प्रदीप महाजन तथा श्री मनोज स्वतंत्र ने अपनी ओजपूर्ण कविताओं एवं विचारों के माध्यम से कार्यक्रम में देशभक्ति का वातावरण उत्पन्न किया। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्रहित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। श्री राम अवतार सरोज, थानाध्यक्ष बदोसराय ने भी राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और नागरिक कर्तव्यों के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।

 

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी श्री जय सिंह द्वारा विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए देशभक्ति, स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय ध्वज, भारतीय संविधान, स्वतंत्रता सेनानियों तथा भारत के गौरवशाली इतिहास से संबंधित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्नोत्तरी में भाग लिया और अपनी सामान्य ज्ञान एवं राष्ट्रीय विषयों से संबंधित जानकारी का प्रदर्शन किया।

प्रश्नोत्तरी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति/सम्मान सामग्री प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों में ज्ञान के साथ-साथ आत्मविश्वास और राष्ट्र के प्रति जागरूकता भी बढ़ाती हैं।

कार्यक्रम के कार्यक्रम अधिकारी श्री जय सिंह ने सभी अतिथियों को सम्मानित करते हुए आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “स्वतंत्रता दिवस एवं हर घर तिरंगा” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में विद्यार्थी और युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा अभियान को सफल बनाने की अपील की।

*14 अगस्त को होगा दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन*

इसी कड़ी में दिनांक 14 अगस्त को राजकीय इंटर कॉलेज, सिरौली गौसपुर, बाराबंकी में दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन श्री सतीश चंद्र शर्मा, माननीय मंत्री, खाद्य एवं रसद विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किया जाएगा।

चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से देश की स्वतंत्रता यात्रा, स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों, राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता तथा देश की उपलब्धियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों को चित्रों एवं प्रदर्शनी सामग्री के माध्यम से आमजन और विद्यार्थियों तक पहुंचाया जाएगा। प्रदर्शनी का उद्देश्य युवा पीढ़ी को भारत के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान से परिचित कराना तथा उनमें राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करना है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने “स्वतंत्रता दिवस एवं हर घर तिरंगा” अभियान को सफल बनाने, राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करने और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने का संकल्प लिया।

तिरंगा यात्रा ने पूरे क्षेत्र में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का वातावरण निर्मित किया तथा विद्यार्थियों एवं आमजन को स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व से सक्रिय रूप से जुड़ने का संदेश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button