उत्तराखंडदेहरादून

मैनपुरी से आए 07 श्रद्धालु धर्मशाला में मिले बेहोस।

जयपुर : दौसा. जिले के विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी मेहंदीपुर बालाजी में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से दर्शन करने आए एक ही परिवार के आठ श्रद्धालु कस्बे की एक धर्मशाला में बेहोशी की हालत में मिले. पुलिस ने सभी को एंबुलेंस की सहायता से तत्काल सिकराय अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के बाद सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. थाना प्रभारी सचिन शर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से विकास, सुखवीर, ममता देवी, प्रियंका, साधना, आरती, तारा और देवी बालाजी के दर्शन के लिए आए थे. इससे पहले यह परिवार गोगामेड़ी के दर्शन करने गया था।

पीड़ित महिला श्रद्धालु ने बताया कि गोगामेड़ी में उनकी मुलाकात एक अज्ञात व्यक्ति से हुई, जिसने बातचीत के दौरान उनसे घनिष्ठता बढ़ा ली. वह रास्ते भर कभी पानी तो कभी खाने-पीने का सामान लाकर देता रहा. श्रद्धालुओं के अनुसार वही व्यक्ति उनके साथ मेहंदीपुर बालाजी भी पहुंचा और कस्बे स्थित एक धर्मशाला में कमरा लेने के बाद भी उनके साथ रहा. इसके बाद क्या हुआ, इसकी किसी को स्पष्ट जानकारी नहीं है।

महिला ने बताया कि होश आने पर उन्हें पता चला कि उनके साथ मौजूद वह व्यक्ति गायब हो चुका था. इससे आशंका जताई जा रही है कि श्रद्धालुओं को किसी नशीले पदार्थ का सेवन कराया गया हो. थाना प्रभारी शर्मा ने बताया कि सभी श्रद्धालुओं की हालत अब सामान्य है. पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है. धर्मशाला संचालक से भी पूछताछ की जाएगी कि श्रद्धालुओं की बिगड़ती हालत के बावजूद समय रहते सूचना क्यों नहीं दी गई।

डीएसपी धर्मराज चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि श्रद्धालु पहले से ही बेसुध अवस्था में यात्री निवास पहुंचे थे. यदि धर्मशाला संचालक उनकी स्थिति को गंभीरता से लेकर तत्काल पुलिस या चिकित्सा विभाग को सूचना देता तो घटना के प्रभाव को कम किया जा सकता था. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के साथ मौजूद संदिग्ध व्यक्ति पर उन्हें बेहोश करने का संदेह है. हालांकि, उसका उद्देश्य क्या था, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

पुलिस पीड़ित श्रद्धालुओं के बयान दर्ज कर रही है तथा संदिग्ध व्यक्ति की पहचान और तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं मामला लूटपाट, नशीला पदार्थ खिलाकर वारदात करने वाले गिरोह या किसी अन्य आपराधिक साजिश से तो जुड़ा नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button