उत्तराखंडदेहरादून

शहर में सघन चेकिंग अभियान, 60 वाहनों के चालान 15 वाहन सीज।

देहरादून : आरटीओ प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा डॉ. अनीता चमोला के नेतृत्व में देहरादून शहर के विभिन्न स्थानों पर रात्रि में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान में तीन प्रवर्तन दलों एआरटीओ देहरादून पंकज श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रवर्तन दल देहरादून , एआरटीओ विकासनगर अनिल नेगी के नेतृत्व में प्रवर्तन दल विकासनगर,परिवहन कर अधिकारी अनुराधा पंत आशारोड़ी एवं समस्त प्रवर्तन दल मौजूद रहा।

चेकिंग अभियान रात्रि 9 pm से घंटाघर, ओएनजीसी चौक, आईएसबीटी, शिमला बाइपास रोड सहित विभिन्न स्थानों पर चलाया जा रहा है । सप्ताहांत पर दिल्ली, हरियाणा एवं अन्य राज्यों से मसूरी तथा अन्य पर्यटन स्थलों की ओर आने वाले वाहनों के अधिक दबाव को देखते हुए बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों के दस्तावेजों की विशेष जांच की गई।

अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट, टेम्परेरी नंबर प्लेट अथवा “AF Applied For” लिखकर संचालित वाहनों, फिटनेस समाप्त वाहनों, रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों, ड्रिंक एंड ड्राइव, स्टॉप लाइन एवं ज़ेब्रा क्रॉसिंग का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत कार्यवाही की गई।

ओएनजीसी चौक पर अल्कोमीटर के माध्यम से ड्रिंक एंड ड्राइव की जांच की गई। साथ ही स्टॉप लाइन और ज़ेब्रा क्रॉसिंग पर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को रोककर चालान की कार्यवाही की गई तथा उन्हें यातायात नियमों की जानकारी भी दी गई।

इस अभियान में आरटीओ प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा डॉ. अनीता चमोला स्वयं सड़क पर मौजूद रहीं और निरीक्षण करते हुए प्रवर्तन कार्यवाही का नेतृत्व किया। उन्होंने वाहन चालकों को मोटर व्हीकल एक्ट से जुड़े नियमों, रेगुलेशंस एवं सड़क सुरक्षा नियमों के बारे में जागरूक किया।

अभियान के दौरान कुल 60 चालान किए गए तथा गंभीर अनियमितता पाए जाने पर 15 वाहनों को सीज किया गया। शेष अभियान जारी है ।

डॉ. अनीता चमोला ने कहा कि सड़क सुरक्षा एवं यातायात अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। वाहन चालकों से अपील की गई कि वे वैध दस्तावेजों के साथ वाहन चलाएं, शराब पीकर वाहन न चलाएं, रॉन्ग साइड वाहन संचालन से बचें तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button