
रुद्रप्रयाग : श्रीनगर के बीच, शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर सम्राट होटल के निकट उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब श्रीनगर की ओर जा रहा एक वाहन अचानक पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में वाहन चालक सहित एक दंपति घायल हो गए। सभी घायलों को हल्की चोटें आई हैं और उन्हें जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार वाहन संख्या UK17 TA 1470 श्रीनगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे, जिनकी चपेट में आने से वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग घायल हो गए।
घटना के समय सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) धर्मेंद्र सिंह बिष्ट परिवहन विभाग की टीम के साथ क्षेत्र में नियमित वाहन चेकिंग एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे थे। राहगीरों से सूचना मिलते ही वह तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों की स्थिति का जायजा लिया।
मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एआरटीओ ने एंबुलेंस का इंतजार करने के बजाय विभागीय वाहन से स्वयं तीनों घायलों को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। उनकी इस तत्परता और सेवा भावना की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा द्वारा पूर्व में ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी दुर्घटना अथवा आपात स्थिति में मानव जीवन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जाएं। उन्हीं निर्देशों के तहत प्रशासन और परिवहन विभाग ने तेजी और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की।



