पुलिस कस्टडी में बहन को भाइयों ने मारी गोली।
चार दिन पहले प्रेमी संग छोड़ा था घर।

सहारनपुर : जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. चार दिन पहले प्रेमी के साथ घर छोड़ने वाली युवती को उसके भाइयों ने ही गोली मार दी. भाइयों ने ने पुलिस की मौजूदगी में घटना को अंजाम दिया. युवती की हालत गंभीर बनी हुई है।
दूसरी ओर बहन को गोली मारने के बाद दोनों भाई मौके से फरार हो गए. आनन फानन में पुलिस ने घायल युवती को फतेहपुर सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से डॉक्टरों ने नाजुक हालत देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर का कर दिया. एसएसपी ने गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की है।
बता दें कि थाना फतेहपुर इलाके के गांव रामखेड़ी निवासी राखी (25) का प्रेम प्रसंग लंबे समय से कंडेला गांव निवासी लवकुश के साथ था. दोनों ने साथ रहने का फैसला किया, युवक के दूसरी जाति का होने के कारण राखी के परिजनों को यह नागवार गुजरा. परिजनों ने युवती को कई बार समझाया लेकिन उसने नहीं सुनी चार दिन पहले वह लवकुश के साथ घर से चली गई।
जिसके बाद युवती के भाई रवि ने लवकुश और गोविंद के खिलाफ थाना फतेहपुर में मुकदमा दर्ज कराया था. रवि ने लवकुश पर बहन को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया था।
पुलिस ने प्रेमी युगल की छानबीन शुरू कर दी. एसएसपी अभिननंदन सिंह ने बताया कि रविवार देर रात पुलिस ने युवती को बरामद कर लिया. सोमवार की दोपहर कागजी कार्यवाई पूरी करने के बाद पुलिस उसे मेडिकल के लिए सीएचसी फतेहपुर लेकर पहुंची. यहां पहले से घात लगाए बैठे उसके दो सगे भाइयों रवि और मोंटी ने पुलिस की गाड़ी में बैठी राखी के सिर में तमंचा सटाकर गोली मार दी।
जब तक युवती के साथ मौजूद पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते, तब तक दोनों भाई मौके से फरार हो गए. पुलिस ने सबसे पहले घायल युवती को असपताल में भर्ती कराया, जहां से डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया. बाद में उसे दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. यहां से भी युवती को हायर सेंटर के लिए रेफर करना पड़ा
एसएसपी अभिनन्दन ने बताया कि आरोपी भाइयों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें बनाई गई हैं. मामले की जांच शुरू कर दी है. जल्द ही युवती के हमलवार भाइयों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



