
बागेश्वर : बागेश्वर में बड़ा सड़क हादसा हुआ है. जहां कपकोट क्षेत्र में एक बोलेरो गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी. इस हादसे में 2 महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई. जबकि, 5 लोग घायल हो गए. उधर, रामनगर में बाइक हादसे में एक युवक की जान चली गई।
रिखाड़ी-पतियासार के पास खाई में गिरा बोलेरो वाहन: जानकारी के मुताबिक, बागेश्वर के कपकोट क्षेत्र में रिखाड़ी-पतियासार के पास एक बोलेरो वाहन संख्या UK 02 TA 3078 हादसे का शिकार हो गया. जहां बोलेरो वाहन करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा. हादसा इतना भयानक था कि 2 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि, हादसे में 5 अन्य लोग घायल हो गए।
वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई. एसडीआरएफ टीम के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों और पुलिस की सहायता से 5 घायलों को खाई से निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया था. इसके बाद एसडीआरएफ टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन तक पहुंच बनाकर 2 मृतकों के शवों को खाई से निकाला. फिर सड़क तक लाकर आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिया।
बोलेरो में सवार थे 7 लोग: बताया जा रहा है कि वाहन में चालक समेत कुल 7 लोग सवार थे. जिनमें 5 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल थे. फिलहाल, घायलों का अभी उपचार चल रहा है. उधर, महिलाओं की मौत पर परिवार में कोहराम मचा हुआ है. रिश्तेदार से लेकर तमाम लोग परिवार को ढांढस बंधाने के लिए पहुंच रहे हैं. वहीं, कपकोट पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है।



