पहले लिखा सुसाइड नोट, फिर की भाजपा नेता ने आत्महत्या।

नई दिल्ली : उत्तर पूर्वी जिले के भाजपा उपाध्यक्ष व पूर्व जोन चेयरमैन ठाकुर अवधेश सिंह ने यमुना विहार स्थित पार्टी के जिला कार्यालय में आत्महत्या कर ली. घटना के वक़्त कार्यलय में कोई मौजूद नहीं था. सूचना मिलते ही भजनपूरा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि शव के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें कर्ज न उतार पाने की वजह से आत्महत्या करने की बात लिखी है।
अवधेश कुमार अपने परिवार के साथ तुकमीरपुर में रहते थे. उनके परिवार में पत्नी सुधा, बेटा संजय, व बेटी है. परिजन ने बताया कि अवधेश कुमार सुबह करीब सात बजे बिना कुछ बताए घर से चले गए थे. आशंका है कि वह सीधे जिला कार्यालय पहुंचे और आत्महत्या कर ली. मामले का पता तब चला जब सूबह तकरीबन 11 बजे कुछ लोग ऑफिस पहुंचे. भजनपुरा थाना को भाजपा के उत्तर पूर्वी जिला कार्यालय के नेताओं ने सूचना दी कि अवधेश कुमार ने अंदर से कार्यालय का गेट बंद किया हुआ है. वह खोल नहीं रहे हैं. सूचना मिलते ही भजनपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने किसी तरह से गेट को खोला और अवधेश कुमार को अस्पताल ले जाया गया. जहा डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. ठाकुर अवधेश सिंह वर्ष 2007 से 2012 तक निगम पार्षद रह चुके थे. इस दौरान वह शाहदरा नॉर्थ जोन के अध्यक्ष भी निर्वाचित हुए थे. भाजपा नेताओं का कहना है कि वह काफी जिम्मेदारी से उपाध्यक्ष के तौर पर काम कर रहे थे. चुनाव में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी. भाजपा की जीत पर वह काफी खुश थे. उनका व्यवहार काफी अच्छा था. वह लोगों से हमेशा मिलते जुलते थे. लोगों के कार्यों के लिए वह हमेशा तैयार रहते थे।
