उत्तर प्रदेशराजनीति

घुसपैठ नहीं, घूस में डूबी है भाजपा : अखिलेश यादव।

रायपुर : रविवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर करारा हमला बोला है. रायपुर पहुंचकर उन्होंने भाजपा की घुसपैठ वाली राजनीति पर पलटवार करते हुए कहा कि असल में भाजपा घूस यानी भ्रष्टाचार में डूबी हुई पार्टी है।

बीजेपी वाले नकली आधार कार्ड बना रहे: अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा वाले नकली आधार कार्ड बना लेते हैं, अब तो मेटल का आधार बनाना चाहिए ताकि कोई फर्जी आधार कार्ड न बना सकें. उसके बाद अखिलेश रायपुर से ओडिशा में उपचुनाव प्रचार के लिए रवाना हो गए।

घुसपैठ नहीं, ‘घूस’ है बीजेपी का असली एजेंडा: अखिलेश यादव ने भाजपा की घुसपैठ संबंधी बयानबाजी पर तीखा पलटवार किया. उन्होंने कहा कि भाजपा हर चुनाव से पहले जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने के लिए “घुसपैठ” का मुद्दा उछालती है, जबकि असलियत में उसकी राजनीति “घूस” और भ्रष्टाचार पर टिकी है.जब 11 साल से भाजपा की सरकार है, तो जितने घुसपैठिए आए हैं, उनकी जिम्मेदारी भी उन्हीं की है. घुसपैठ से ज़्यादा भाजपा को घूस की चिंता है. भाजपा को अब घुसपैठ नहीं, बल्कि अपने अंदर बैठे भ्रष्टाचारियों की पहचान करनी चाहिए- अखिलेश यादव, अध्यक्ष, समाजवादी पार्टी।

SIR और VVPAT पर सवाल: अखिलेश यादव ने चुनावी पारदर्शिता पर भी सवाल उठाए. उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) और वीवीपीएटी प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाया.उन्होंने कहा कि वीवीपीएटी की पर्चियां खुली पड़ी थीं, ये कैसी पारदर्शिता है? भाजपा चाहती है कि पुलिस और प्रशासन के जरिए वोट डलवाए जाएं, लेकिन समाजवादी पार्टी ऐसा नहीं होने देगी।

अखिलेश ने मतदाताओं से लोकतंत्र बचाने के लिए सतर्क और जागरूक रहने की अपील की है.
“भाजपा वालों के पास नकली मशीन और नकली आधार”: अखिलेश यादव ने बूथ स्तर की ईवीएम और आधार कार्ड पर भी तंज कसा. उन्होंने कहा कि भाजपा वालों के पास बूथ पर नकली मशीन है, नकली आधार बना लेते है।

अगर आधार इतना नकली हो सकता है तो अब मेटल का आधार बनाना चाहिए, ताकि कोई उसे नकली न बना पाए. अखिलेश यादव का यह व्यंग्य चुनावी माहौल में नया तंज बन गया है, जो भाजपा की ईमानदारी पर सीधा सवाल उठाता है.
ओडिशा में एसपी का संगठन विस्तार: अखिलेश यादव ने ओडिशा उपचुनाव को लेकर कहा कि समाजवादी पार्टी अब राष्ट्रीय स्तर पर अपने संगठन को मजबूत करने के लिए आगे बढ़ रही है।

हम ओडिशा जा रहे हैं ताकि समाजवादी विचारधारा का बीज वहां बोया जा सके. अब हम सिर्फ उत्तर प्रदेश नहीं, बल्कि देश के हर राज्य में समाजवाद की बात करेंगे- अखिलेश यादव, अध्यक्ष, समाजवादी पार्टी
“घूस बनाम घुसपैठ’ की जंग”: अखिलेश यादव के इस बयान से भाजपा के “घुसपैठिया” नैरेटिव को सीधी चुनौती मिली है. उनके “घूस बनाम घुसपैठ” वाले तंज ने बिहार और ओडिशा के चुनावी माहौल में नया राजनीतिक रंग भर दिया है।

जहां भाजपा सुरक्षा और राष्ट्रवाद की बात कर रही है, वहीं अखिलेश ने भ्रष्टाचार, नकली वोटिंग और रोजगार जैसे मुद्दों पर सत्तारूढ़ दल को घेरने की रणनीति तेज कर दी है. अखिलेश यादव का यह बयान सिर्फ तंज नहीं, बल्कि भाजपा की घुसपैठ बनाम घूस राजनीति को उलटने की कोशिश है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button