दिल्ली से मैनपुरी जा रहे पति-पत्नी की सड़क हादसे में मौत।

अलीगढ़ : जिले के थाना रोरावर क्षेत्र में मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया. खेरेश्वर हाईवे पर नायरा पेट्रोल पंप के पास रोडवेज बस और बाइक की टक्कर हो गई. हादसे में पति और पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दो छोटे बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने तत्काल घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार जारी है।
क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम मयंक पाठक ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही तत्काल राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था. मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है. तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, मृतक दम्पति की पहचान विक्रम सिंह और उनकी पत्नी निशा के रूप में हुई है. दोनों अपने दो बच्चों के साथ दिल्ली से मैनपुरी अपने घर जा रहे थे. सुबह करीब 10 बजे जैसे ही उनका परिवार नायरा पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, तभी सामने से तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर से बाइक कई फीट तक घिसटती चली गई और दम्पति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
सूचना मिलते ही थाना रोरावर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को एंबुलेंस से तत्काल अस्पताल भेजा. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया. पुलिस ने घटनास्थल से रोडवेज बस और चालक को हिरासत में ले लिया है. बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया. यात्रियों के किराए के रुपये भी वापस दिलवाए गए. इस हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम लग गया, जिसे पुलिस ने तत्परता से खुलवाया।



