क्राइमनई दिल्ली

नहीं थम रही चाकूबाजी की घटनाएं, जगतपुरी में 22 साल के युवक की हत्या।

नई दिल्ली : दिल्ली में एक बार फिर चाकूबाजी की घटना सामने आई है. दरअसल, शाहदरा जिला के जगतपुरी इलाके में 22 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है. साथ ही हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. डीसीपी प्रशांत गौतम ने बताया कि सोमवार रात 10:39 बजे जगतपुरी इलाके में एक युवक के खून से लथपथ पड़ा होने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही जगतपुरी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल को हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

डीसीपी ने बताया कि मृतक की पहचान जगतपुरी के बाल्मीकि बस्ती निवासी साजन कुमार के रूप में हुई है. क्राइम और फोरेंसिक टीम से घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि हत्यारे की पहचान जल्द हो सके. जांच के लिए जगतपुरी थाना पुलिस के अलावा स्पेशल स्टाफ और एएटीएस को भी लगाया गया है. जांच के बाद ही हत्या की वजह का पता चल पाएगा. पीड़ित परिवार से भी बातचीत की जा रही है।

उधर सोमवार शाम भजनपुरा थाना क्षेत्र के युवक पर चाकू से हमले की घटना सामने आई थी. घायल युवक को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसकी पहचान 19 वर्षीय कृष्णा के रूप में की गई. पुलिस ने हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक, इस मामले में पीड़ित और हमलावर एक दूसरे को जानते हैं. आरोपी की पहचान हो गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button