
देहरादून : आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता रवींद्र सिंह आनंद ने आज एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उत्तराखंड भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा में इस समय गहरा नेतृत्व संकट और संगठनात्मक भ्रम व्याप्त है। पार्टी के पास न तो कोई नया चेहरा है, न ही कोई स्पष्ट दिशा। यही कारण है कि आपसी फूट और अंदरूनी कलह के डर से भाजपा ने एक बार फिर महेंद्र भट्ट पुराने चेहरे पर दांव लगाया, जिसे जनता पहले ही नकार चुकी है।
रवींद्र सिंह आनंद ने कहा, “उत्तराखंड की जनता अब बदलाव चाहती है। झूठे वादों और खोखले नारों की राजनीति का समय खत्म हो चुका है। भाजपा केवल सत्ता बचाने की कवायद कर रही है, जबकि आम आदमी पार्टी प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर जनआंदोलन खड़ा कर चुकी है।”
उन्होंने कहा कि भाजपा की यह रणनीति केवल प्रदेश की जनता को भ्रमित करने की कोशिश है। जनता अब जागरूक हो चुकी है और वह झूठे वादों के झांसे में आने वाली नहीं है।
रवींद्र सिंह आनंद ने यह भी कहा कि आने वाले चुनावों में आम आदमी पार्टी एक मज़बूत विकल्प के रूप में उभरेगी और जनता को पारदर्शी व जनोन्मुखी शासन देने के लिए प्रतिबद्ध है।