
*आरएनआई पोर्टल समस्याओं के समाधान के लिए राज्य-स्तरीय कार्यशालाओं की मांग*
*देहरादून।* छोटे और मंझोले समाचार पत्रों के सामने बढ़ती चुनौतियों पर विचार करने के लिए देहरादून के हिंदी भवन में एसोसियेशन ऑफ स्मॉल एंड मीडियम न्यूजपेपर्स ऑफ इंडिया की उत्तराखंड इकाई द्वारा एक महत्वपूर्ण विचार-गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी में प्रिंट मीडिया के समक्ष आ रही विभिन्न समस्याओं पर गहन चर्चा हुई, जिसमें आरएनआई (रजिस्ट्रार ऑफ न्यूजपेपर्स फॉर इंडिया) के पोर्टल से संबंधित मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।
गोष्ठी का शुभारंभ डॉ. नीता कुकरेती द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ। एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष निशा रस्तोगी ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि आरएनआई ने पंजीकरण और अन्य सभी कार्यों को पोर्टल आधारित कर दिया है, लेकिन इसकी तकनीकी कमियों के कारण प्रकाशकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
दैनिक शिखर संदेश के संपादक और पर्वतीय संपादक परिषद के अध्यक्ष, श्री आई.पी. उनियाल ने भी छोटे और मंझोले समाचार पत्रों के संचालन में आ रही विस्तृत समस्याओं का उल्लेख किया और उनके निवारण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
वरिष्ठ पत्रकार श्री इंद्रदेव रतूड़ी ने पत्रकारों के सभी संगठनों से एकजुट होकर इन समस्याओं से निपटने का आह्वान किया।
देवभूमि पत्रकार यूनियन उत्तराखंड (पंजी.) के प्रदेश महामंत्री डॉ. वी.डी. शर्मा ने अपने वक्तव्य में कहा कि आरएनआई लगातार छोटे और मंझोले समाचार पत्रों का गला घोंटने का प्रयास कर रहा है।
उन्होंने कहा कि एक ओर इलेक्ट्रॉनिक चैनल, पोर्टल और सोशल मीडिया पहले से ही इन समाचार पत्रों के लिए चुनौतियां बढ़ा रहे हैं, वहीं आरएनआई द्वारा आए दिन नए प्रतिबंध लगाकर उनकी परेशानी और बढ़ाई जा रही है।
एसोसियेशन ऑफ स्मॉल एंड मीडियम न्यूजपेपर्स ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री के.डी. चंदोला ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में आरएनआई के पोर्टल में व्याप्त कई कमियों को उजागर किया। उन्होंने आरएनआई से आग्रह किया कि पोर्टल के सुचारू संचालन और प्रकाशकों की समस्याओं के समाधान के लिए राज्य स्तर पर विशेष कार्यशालाओं का आयोजन किया जाए। इन कार्यशालाओं का उद्देश्य प्रकाशकों और संपादकों को पोर्टल के बारे में विस्तृत जानकारी देना है, ताकि वे कुशलता से अपने कार्यों का संपादन कर सकें और दूसरों को भी मार्गदर्शन दे सकें।
कार्यक्रम में राजेश डोभाल ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया, जबकि श्री बी.एस. नेगी ने भी अपने विचार साझा किए। एसोसिएशन के प्रांतीय महामंत्री श्री एस.सी. भटनागर ने सभी अतिथियों और उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया।
गोष्ठी के अंत में गुजरात में हुए विमान हादसे और अप्रैल 2025 में एसोसिएशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य श्री शिवचंद अग्निहोत्री के निधन पर शोक व्यक्त किया गया और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
इस अवसर पर भगवती (राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष, एसोसियेशन ऑफ स्मॉल एंड मीडियम न्यूजपेपर्स ऑफ इंडिया), आलोक अग्निहोत्री (कानपुर), डॉ. राकेश बलूनी (उपाध्यक्ष, हिंदी साहित्य समिति), हेमवती नंदन कुकरेती (महामंत्री, हिंदी साहित्य समिति), दीपक धीमान, अरुण कुमार यादव, नवीन जोशी, मोहम्मद खालिद, स्वप्निल सिन्हा, सविता सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट काजल ने किया।

