पड़ोसियों ने महिला को उतारा मौत के घाट, हमीरपुर में जूती कारीगर की हत्या।

बिजनौर/हमीरपुर : उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से मारपीट और हत्या की वारदात सामने आई है. बिजनौर में मामूली विवाद पर पड़ोसियों ने महिला की हत्या कर दी. वहीं, हमीरपुर में कारीगर के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई. पुलिस सभी मामलों में केस दर्ज कार्रवाई कर रही है।
बाइक धुलने के विवाद में महिला की हत्या: बिजनौर के थाना कोतवाली शहर क्षेत्र के गांव काजीवाला में बाइक धुलने के दौरान जुबैदा का अपने पड़ोसी अयूब से विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि अयूब, उसका बेटा कलाम और अन्य परिजनों ने मिलकर जुबैदा पर हमला कर दिया. हमले के दौरान जुबैदा के सिर पर ईंट से वार किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज मामला की जांच में जुट गई है।
एसपी सिटी संजीव बाजपाई ने बताया है कि घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी गई है. वहीं, मृतका के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर ली गई है. आरोपी की तलाश की जा रही है।
जूती कारीगर की हत्या: हमीरपुर के सुमेरपुर थाना क्षेत्र के अंबेडकर नगर में शुक्रवार सुबह एक जूती कारीगर पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान रामबिहारी (60) पुत्र छंगू के रूप में हुई है, जो अंबेडकर नगर का रहने वाला था. एएसपी मनोज गुप्ता ने बताया घटना की सूचना शुक्रवार सुबह प्राप्त होते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान हैं, जिससे प्रतीत होता है कि किसी भारी वस्तु या धारदार हथियार से वार कर हत्या की गई है. फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं.हत्या का कारण स्पष्ट नहीं है, लेकिन सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।



