
देहरादून : कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन सख्त नजर आ रहा है, सविन बंसल के निर्देश पर चलाए गए “ऑपरेशन सफाई” के तहत प्रथम चरण में 17 होमस्टे का पंजीकरण निरस्त कर दिया गया है, साथ ही इन्हें पर्यटन वेबसाइट से हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
जांच में सामने आया कि कई होमस्टे नियमों के विपरीत होटल की तरह संचालित हो रहे थे, यहां रातभर अवैध बार संचालन, लाउड डीजे और नशे से जुड़ी गतिविधियां चल रही थीं, जिससे ये स्थान गैरकानूनी गतिविधियों के अड्डे बनते जा रहे थे।
प्रशासन ने महज 7 दिनों में 5 मजिस्ट्रेट टीमों का गठन कर व्यापक जांच अभियान चलाया, निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिनमें बिना अग्निशमन उपकरण, फूड लाइसेंस के संचालन, तय क्षमता से अधिक कमरे, और लीज पर चल रहे होमस्टे शामिल हैं।
इसके अलावा, कुछ स्थानों पर विदेशी नागरिकों के ठहराव की अनिवार्य सूचना (सी-फॉर्म) भी उपलब्ध नहीं कराई गई। कई होमस्टे में स्वामी का निवास तक नहीं पाया गया, जबकि नियमों के अनुसार यह आवश्यक है।
डीएम ने स्पष्ट कहा है कि “आमजन की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा, कानून से ऊपर कोई नहीं है।” भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



