रेप के आरोपी कांग्रेस सांसद की वॉयस सैंपलिंग कल।

सीतापुर : रेप के आरोप में सीतापुर जेल में बंद कांग्रेस सांसद राकेश राठौर की वॉयस सैंपलिंग मंगलवार को होगी. पुलिस उन्हें सीतापुर जिला जेल से लखनऊ के विधि विज्ञान प्रयोगशाला ले जाएगी. लैब में सांसद की आवाज को वायरल ऑडियो से मैच कराया जाएगा. जांच रिपोर्ट आने के बाद पुलिस तफ्तीश को अंतिम रूप देते हुए 11 मार्च तक हाईकोर्ट में चार्जशीट प्रस्तुत करेगी।
पीड़िता ने पुलिस को सौंपा था ऑडियो: बता दें, एक महिला ने 17 जनवरी को सांसद के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था. महिला ने सांसद से हुई बातचीत के ऑडियो रिकॉर्डिंग को साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंपा था. सांसद ने पहले ही इन ऑडियो में अपनी आवाज होने की बात स्वीकार कर ली थी.सांसद राकेश राठौर 30 जनवरी से कोतवाली नगर इलाके की जिला कारागार में बंद हैं. कोर्ट के आदेश के बाद अब उनकी वॉयस सैंपलिंग का रास्ता साफ हो गया है. प्रभारी निरीक्षक अनूप शुक्ला के अनुसार, FSL लैब से अनुमति मिल चुकी है. वॉयस सैंपलिंग रिपोर्ट के बाद जांच को अंतिम रूप दिया जाएगा।



