
रुद्रप्रयाग : नगरासू स्थित गुरुद्वारा साहिब में 20 जून को हुए विवाद के बाद जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हेमकुंड साहिब यात्रा और चारधाम यात्रा पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं और कहीं भी किसी प्रकार का व्यवधान नहीं है।
एसपी रूद्रप्रयाग नीहारिका तोमर ने बताया कि शनिवार अपराह्न 3:40 बजे आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से सूचना मिली कि नगरासू गुरुद्वारे में दो पक्षों के बीच कहासुनी हो रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। जांच में सामने आया कि गुरुद्वारे के सेवादारों और वहां पहुंचे कुछ निहंग सिख यात्रियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस, जिला प्रशासन और गुरुद्वारा प्रबंधन समिति ने तत्काल हस्तक्षेप किया। इस दौरान कुछ निहंग सिख गुरुद्वारे की छत पर चले गए और छत तक जाने वाले मार्ग को बंद कर दिया। प्रशासन द्वारा लगातार संवाद स्थापित कर समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार वार्ता के सकारात्मक संकेत मिले हैं और एक निहंग सिख नीचे उतरकर प्रशासन से बातचीत कर रहा है।
प्रशासन ने सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं का खंडन करते हुए कहा कि गुरुद्वारे पर किसी प्रकार का कब्जा नहीं किया गया है और न ही किसी को बंधक बनाया गया है। गुरुद्वारे में लंगर सेवा, अरदास और अन्य धार्मिक गतिविधियां सामान्य रूप से जारी हैं। श्रद्धालु बिना किसी बाधा के गुरुद्वारे में आ-जा रहे हैं।
डीएम रूद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने कहा कि यात्रा मार्गों पर कहीं भी ट्रैफिक अवरोध नहीं है और सड़क मार्ग पूरी तरह खुले हुए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें।
प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से नागरिकों, स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।



